नहीं माने भूपेन बोरा! कांग्रेस से हुआ मोहभंग; चुनाव से पहले भाजपा में हुए शामिल
Bhupen Bora Joins BJP:आखिरकार असम में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। काफी दिनों से चली आ रही अटकलों पर विराम लगाते हुए असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा ने भाजपा का दामन थाम लिया है। इससे पहले ये कहा जा रहा था कि कांग्रेस ने उनको मना लिया है और वह इस्तीफा वापस ले लेंगे।
बता दें कि असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया और भाजपा सांसद बैजयंत पांडा की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। एक दिन पहले ही बोरा ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। वहीं, मुलाकात को भूपेन बोरा ने शिष्टाचार भेंट बताया था।
राहुल गांधी ने की थी बात
बता दें कि भूपेन बोरा ने सोमवार यानी 16 फरवरी को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन, आलाकमान ने इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया था। राहुल गांधी ने उनसे फोन पर बात की थी और मनाने का प्रयास किया गया था। इसके अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बोरा को अपने फैसले पर फिर से विचार करने के लिए कहा था। दूसरी तरफ असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने ऐलान कर दिया था कि भूपेन बोरा 22 फरवरी को भाजपा में शामिल होंगे।
अपने फैसले पर क्या बोले भूपेन बोरा
भूपेन बोरा ने कहा था कि मैंने राहुल गांधी से कहा था कि मैं पार्टी में अपमानित महसूस कर रहा हूं। मैं इतना अपमान सहन नहीं कर सकता, क्योंकि मुझमें इतनी क्षमता नहीं है। उन्होंने कहा था कि गौरव गोगोई ने आरोप लगाया था कि भाजपा में शामिल होने के लिए मैंने 50 करोड़ रुपए लिए हैं। बोरा ने आगे कहा था कि अगर उन्हें पैसे की पेशकश की जाती, तो वह इसे मीडिया के सामने स्वीकार कर लेते। उन्होंने कहा कि मेरे पिता का स्टेडियम बनाने का एक सपना था और इसके लिए 12 बीघा जमीन रखी थी लेकिन, विधायक रहने के बावजूद उनकी इच्छा पूरी नहीं कर सका।
Leave a Reply