आमची मुंबई की सड़कें बनी समंदर, मायानगरी में जलभराव से परेशान दिखे लोग

Mumbai Rain: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर शहर को ठप कर दिया है। सोमवार देर रात से शुरू हुई तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दादर, माटुंगा, परेल और सायन जैसे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर है। हिंदमाता, अंधेरी सबवे, ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और मुंबई-गुजरात हाईवे पर भी पानी जमा होने की खबरें हैं। मंगलवार सुबह 9:16 बजे 3.75 मीटर ऊंची हाई टाइड ने स्थिति को और जटिल बना दिया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को "अत्यंत भारी बारिश" की चेतावनी जारी की, जिसमें 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई।
सरकारी कार्यालय बंद, रेल सेवाएं प्रभावित
बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने आईएमडी के रेड अलर्ट को देखते हुए मंगलवार को सभी सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों को बंद करने का ऐलान किया, सिवाय आवश्यक सेवाओं के। निजी कंपनियों से भी कर्मचारियों को घर से काम करने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील की गई। मंगलवार सुबह 8बजे तक पिछले 24घंटों में मुंबई शहर में 186.43मिमी, पूर्वी उपनगरों में 208.78मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 238.19मिमी बारिश दर्ज की गई। रेलवे ट्रैकों पर जलभराव की शिकायतें मिलीं, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पानी का स्तर ट्रैक से नीचे था, जिससे रेल सेवाएं बंद नहीं हुईं, लेकिन देरी जरूर हुई।
तकनीकी खराबी ने बढ़ाई मुश्किलें
मुंबई के उपनगरीय रेल नेटवर्क पर अंबिवली और शहाड स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी ने यात्रियों की परेशानी को और बढ़ा दिया। बीएमसी और अन्य प्रशासनिक इकाइयां स्थिति पर नजर रख रही हैं और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। रात 8:53बजे 3.14मीटर की हाई टाइड की संभावना भी जताई गई है, जिससे शहरवासियों को और सावधानी बरतने की जरूरत है।
Leave a Reply