कल्याण में जर्जर इमारत का कहर, श्री सप्तश्रृंगी बिल्डिंग का स्लैब गिरने से 6 लोगों की मौत और कई घायल

Kalyan Building Collapse: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण पूर्व से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। जिसने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर दिया है। दरअसल, मंगलवार 20मई को कल्याण के मंगलराघो नगर के चिकणीपाडा इलाके में स्थित चार मंजिला श्री सप्तश्रृंगी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल का स्लैब अचानक ढह गया। जिसके चलते करीब 6लोगों की मौत हो गई। जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए
कैसे हुआ ये हादसा?
बता दें, ये हादसा बीते दिन मंगलवार को दोपहर करीब 2:15बजे हुआ। जब श्री सप्तश्रृंगी बिल्डिंग की दूसरी मंजिल का स्लैब ताश के पत्तों की तरह नीचे गिर गया। बताया जा रहा है कि यह इमारत करीब 35-40साल पुरानी थी और इसमें हाल ही में मरम्मत का काम शुरू हुआ था। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि स्लैब गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ये हादसा इतना भयानक था कि मलबे में कई लोग दब गए। जिनमें से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (KDMC), अग्निशमन विभाग, पुलिस, और टीडीआरएफ (ठाणे आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब चार घंटे तक चले बचाव अभियान में 12लोगों को मलबे से सुरक्षित निकाला गया। वहीं, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के लिए 5लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए।
मृतकों की पहचान
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मरने वालों में तीन महिलाएं, एक डेढ़ साल की बच्ची और दो पुरुष शामिल हैं। तीन महिलाओं में प्रमिला कलचरण, सुनीता नीलाचल और सुशीला नारायण गुजर का नाम शामिल हैं। इसके अलावा डेढ़ साल की नमस्वी श्रीकांत और दो पुरुषों में वेंकट भीमा चव्हाण और सुजाता मनोज वाडी की पहचान की गई हैं।
घायलों की पहचान
वहीं, घायलों में चार लोग शामिल हैं। जिनमें दो बच्चे, विनायक मनोज पाधी (4 वर्ष) और शर्विल श्रीकांत शेलार (4 वर्ष) और निखिल चंद्रशेखर खरा (26 वर्ष) और एक अन्य व्यक्ति हैं। स्थानीय पुलिस की मानें तो हादसे के तुरंत बाद घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Leave a Reply