Crude Oil Price Drops:पश्चिम एशिया में तनाव के चलते ईंधन के बढ़ते दामों के बीच 15 जून की सुबह एक अच्छी खबर सामने आई। जिसके बाद आने वाले समय में डीजल-पेट्रोल और एलपीजी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है। दरअसल, ब्रेंट क्रूड 3.9 फीसदी गिरकर $84 प्रति बैरल पर आ गया, जबकि अमेरिकी क्रूड 4.8 फीसदी गिरकर लगभग $81 प्रति बैरल हो गया।
यह गिरावट ट्रंप के उस एलान के बाद आई, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौता पूरा हो गया है और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज अब बिना टोल के खोल दिया जाएगा। ट्रंप ने लिखा कि ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो गया है। मैं इसके जरिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खोलने की पूरी मंजूरी देता हूं। साथ ही, अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी को तुरंत हटा दिया जाएगा।
यूएस-ईरान में पीस डील का ऐलान
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जहां से दुनियाभर के जहाजों की आवाजाही होती है। अमेरिका-ईरान में शुरू हुए टकराव के कारण यहां से आवाजाही रोक दी गई थी। ईरान के एक सांसद के मुताबिक, कुछ कमर्शियल जहाज इस जलमार्ग से गुजरने के लिए औसतन लगभग 2 मिलियन डॉलर टैक्स के रूप में देते थे। जानकारों का कहना था कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में लगातार रुकावट से तेल की कीमतें $100 के मध्य से उच्च स्तर तक पहुंच सकती हैं और अमेरिका में पेट्रोल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकती हैं। यही कारण है कि पूरी दुनिया जल्द से जल्द शांति समझौता चाह रही थी, जिस पर अब सहमति बन गई है।
19 जून को होगा हस्ताक्षर
डोनाल्ड ट्रंप का यह ऐलान व्हाइट हाउस में उनके 80वें जन्मदिन के मौके पर होने वाले यूएफसी इवेंट से कुछ घंटे पहले आया। यह घटनाक्रम पाकिस्तान समेत कई मध्यस्थों की कई दिनों की कूटनीतिक प्रयासों की सफलता है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच गहन बातचीत के बाद शांति समझौते पर बात बनी। शरीफ ने कहा कि दोनों पक्ष लेबनान समेत सभी जगहों पर सैन्य कार्रवाई को तुरंत और हमेशा के लिए रोकने पर सहमत हो गए हैं और इस समझौते पर 19 जून को स्विट्ज़रलैंड में औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए जाएंगे।