Baal Katwa Gang: बिहार के दरभंगा जिले से चोरी की एक बेहद अजीब घटना सामने आई है। यहां चोर घर में चोरी करने के बाद महिलाओं के बाल काटकर फरार हो रहे हैं। ऐसे दो मामले सामने आने के बाद गांव के लोगों में डर का माहौल है। पुलिस इस रहस्यमयी गैंग की तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों घटनाएं बहादुरपुर थाना क्षेत्र के दरहर गांव में महज 10 दिनों के भीतर हुई हैं। ताजा घटना शुक्रवार तड़के की है। बदमाश सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसे और नकदी व कीमती सामान की तलाश की। घर में ज्यादा सामान नहीं मिलने पर वे केवल एक पर्स लेकर भाग गए, जिसमें करीब 1,000 रुपये थे।
किशोरी के बाल काट फरार हुए बदमाश
सबसे हैरानी की बात यह रही कि जाते समय बदमाशों ने घर में रखी कैंची उठाई और एक किशोरी के बाल काट दिए। इसके बाद कटे हुए बाल बिस्तर पर छोड़कर फरार हो गए। इससे पहले 9 जुलाई को इसी गांव में होम्योपैथिक डॉक्टर पवन कुमार मिश्रा के घर भी चोरी हुई थी। बदमाश घर में घुसकर अलमारी से 25 हजार रुपये लेकर भाग गए। पुलिस के मुताबिक, इस घटना में भी चोरों ने डॉक्टर की बहू के बाल काट दिए और उन्हें घर के फर्श पर छोड़ दिया।
पूरे गांव में दहशत का महौल
इन दोनों घटनाओं ने पूरे गांव में दहशत फैला दी है। लोग रात में जागकर पहरा दे रहे हैं और अपने घरों की सुरक्षा बढ़ा रहे हैं। सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी ने कहा कि यह दोनों घटनाएं बेहद असामान्य हैं। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, बहादुरपुर थाना प्रभारी प्रसुंजय कुमार ने भी दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इलाके में बढ़ी पुलिस की गश्त
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस गैंग का तरीका पहले सक्रिय रहे 'चड्डी-बनियान गैंग' से मिलता-जुलता है। यह गैंग रात के समय घरों में चोरी करता था और पहचान छिपाने के लिए शरीर पर तेल या मिट्टी लगा लेता था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि इन घटनाओं के पीछे वही गैंग है या कोई दूसरा गिरोह। फिलहाल पुलिस इलाके में गश्त बढ़ाकर जांच कर रही है। वहीं, ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।
Also read: उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर के करीबियों ने थामा भाजपा का दामन, विधानसभा चुनाव में बनाया था उम्मीदवार