NDMC Advisory: दिल्ली के सबसे व्यस्त कारोबारी इलाकों में शामिल कनॉट प्लेस (CP) में गुरुवार को सभी दुकानों, कार्यालयों और रेस्टोरेंट को शाम 6:30 बजे तक बंद करने का निर्देश दिया गया। यह फैसला इलाके में बढ़ती सुरक्षा व्यवस्था और चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए लिया गया है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एक जरूरी एडवाइजरी जारी करते हुए सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को दिनभर के लिए काम बंद करने की अपील की। एसोसिएशन ने यह कदम नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) के चेयरमैन और वाइस चेयरमैन से मिले निर्देशों के बाद उठाया।
लोगों से की गई अपील
NDTA अध्यक्ष अतुल भार्गव की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया कि कनॉट प्लेस और आसपास की स्थिति को देखते हुए सभी दुकानदार, ऑफिस, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठान शाम 6:30 बजे तक बंद कर दिए जाएं। लोगों से अपील की गई कि वे निर्देशों का पालन करें और किसी भी अप्रिय घटना या संपत्ति के नुकसान से बचने के लिए सहयोग करें। यह फैसला उस समय लिया गया है जब दिल्ली में NEET परीक्षा विवाद को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। प्रदर्शनकारियों के जुटने को देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
अरविंद केजरीवाल ने भी शेयर किया पोस्ट
कनॉट प्लेस दिल्ली का प्रमुख कारोबारी और शॉपिंग हब है, जहां सैकड़ों दुकानें, रेस्टोरेंट, ऑफिस और कॉरपोरेट प्रतिष्ठान मौजूद हैं। ऐसे में यहां व्यापारिक गतिविधियों को जल्दी बंद करने का फैसला हाल के दिनों में उठाए गए बड़े एहतियाती कदमों में से एक माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी इस एडवाइजरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और बड़ी संख्या में एंबुलेंस भी मौजूद हैं। केजरीवाल ने सवाल उठाया कि क्या सरकार एक बार फिर छात्रों के आंदोलन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने जा रही है।
सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ी
प्रशासन का कहना है कि यह कदम केवल सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। अधिकारियों का उद्देश्य किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति, हिंसा या आम लोगों और व्यापारियों को होने वाले नुकसान को रोकना है। फिलहाल कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। NEET विवाद को लेकर चल रहा यह आंदोलन अब राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर बड़ा मुद्दा बन चुका है।
Also read: Kal Ka Mausam: दिल्ली-UP-हरियाणा समेत इन राज्यों में दिखेगा मानसून का असर, तेज हवाओ और बारिश का अलर्ट; यहां पढ़े कल के मौसम का पूर्वानुमान