Search KhabarFast

Press ESC to close

Uttrakhand News:सीएम धामी ने युवाओं को दिया तोहफा, देहारदून में बनाई जा रही साइंस सिटी; हर जिले में खुलेंगे टेक्नोलॉजी सेंटर

Uttrakhand News:सीएम धामी ने युवाओं को दिया तोहफा, देहारदून में बनाई जा रही साइंस सिटी; हर जिले में खुलेंगे टेक्नोलॉजी सेंटर

Uttrakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को काशीपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 17 विद्यालयों के 1400 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके विचार और सुझाव सुने तथा विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत 2047 का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के पास नया विजन, आउट ऑफ द बॉक्स सोच और कुछ कर गुजरने का जुनून है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड छोटा राज्य जरूर है, लेकिन यहां के युवाओं के सपने छोटे नहीं हैं। आज की पीढ़ी सपने देखने के साथ उन्हें पूरा करने का साहस भी रखती है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा वैज्ञानिक, शिक्षक, खिलाड़ी और उद्यमी बनकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड का कोई भी होनहार बेटा या बेटी अवसरों के अभाव में पीछे न छूटे। प्रदेश में वर्चुअल क्लासरूम नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है। 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी आधारित पाठ्यक्रम लागू किया गया है। छात्राओं को नंदा गौरा योजना के माध्यम से आर्थिक सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी विकसित की जा रही है। इसके अलावा स्टेम लैब्स, साइंस और इनोवेशन गतिविधियों तथा बाल विज्ञान कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और प्रैक्टिकल लर्निंग को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को जॉब सीकर के साथ जॉब क्रिएटर बनाने की दिशा में काम कर रही है। स्टार्टअप, नवाचार और डिमांड-बेस्ड स्किल्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। युवाओं को रोजगार के लिए अपना घर और पहाड़ छोड़ने की मजबूरी न हो, इसके लिए औद्योगिक और रोजगार के नए अवसर विकसित किए जा रहे हैं। खेलों के क्षेत्र में भी विश्वस्तरीय खेल नीतियों और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पर काम किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने युवा आयोग, उत्तराखंड के विकास, अग्निवीर योजना, साइबर क्राइम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा आयोग युवाओं को रोजगार के अवसरों और सरकारी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में काम करेगा। अग्निवीरों के भविष्य को लेकर उन्होंने बताया कि सरकार अग्निवीर सेल का गठन कर रही है।

एआई और टेक्नोलॉजी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस चुनौती के साथ एक बड़ा अवसर भी है। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करना होगा।

भ्रष्टाचार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि यदि कोई रिश्वत मांगता है या अनुचित दबाव बनाता है तो टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप पर शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है और शिकायतों की जांच की जाती है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने साथियों को भी नशे से बचाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा के युवा असली कर्णधार हैं और उनकी सोच व मेहनत ही देवभूमि को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दायित्वधारी उत्तम दत्ता, फ़रजाना बेगम, मनजीत सिंह राजू, सुरेंद्र सिंह नामधारी, मुकेश कुमार, जिलाध्यक्ष मनोजपाल, खिलेंद्र चौधरी, मोहनपाल, गुरविंदर सिंह चंडोक, एसएसपी अजय गणपति समेत अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।  

Also read: Uttarakhand News: 1320 MW पावर प्रोजेक्ट पर कांग्रेस के सवालों का CM धामी ने दिया जवाब, बोले- सस्ती बिजली मिलेगी

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Uttrakhand News:देहरादून की जर्जर सड़कों और जलभराव के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, PWD मुख्य अभियंता को सौंपा ज्ञापन

Uttrakhand News:देहरादून शहर की जर्जर सड़कों, बदहाल नालियों, जलभराव और लोक निर्माण विभाग से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव रितेश छेत्री के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, उत्तराखंड, देहरादून को ज्ञापन सौंपा।

Uttrakhand News:भीमताल में धूमधाम से मनाई गई नंदाष्टमी, मां नंदा-सुनंदा की निकली भव्य डोला यात्रा; राम सिंह कैड़ा हुए शामिल

Uttrakhand News:भीमताल में नंदाष्टमी का पर्व श्रद्धा और भक्तिमय माहौल के बीच धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर ढोल-नगाड़ों की गूंज और मां नंदा-सुनंदा के जयकारों के बीच भव्य डोला यात्रा निकाली गई। डोला यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर मां नंदा-सुनंदा के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast