Delhi News: दिल्ली के कन्हैया नगर इलाके में बीड़ी मांगने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब ठेके के सामने सर्विस लेन पर 2 से 3 अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में 26 वर्षीय भवानी प्रसाद की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल युवक आसाराम अस्पताल में भर्ती है।
वारदात के दौरान इलाके में गश्त कर रहे बीट ऑफिसर बलराम चोपड़ा और मनोज गोस्वामी को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने खून से लथपथ भवानी प्रसाद और आसाराम को एंबुलेंस का इंतजार किए बिना एक ऑटो में बैठाया और दीपचंद बंधु अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने भवानी प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल आसाराम का इलाज जारी है।
आला अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही अशोक विहार के ACP आकाश रावत और केशवपुरम थाना SHO राजीव मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश
पुलिस अब वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस की टीमें आसपास की दुकानों और रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग देख रही हैं, ताकि हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल आरोपी फिलहाल फरार हैं। केशवपुरम थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।