Delhi News: दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के कंझावला इलाके में मुबारकपुर डबास के पास सड़क किनारे नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, नवजात के शव का सिर गायब था, जिसके बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात का शव सड़क किनारे कैसे पहुंचा और उसका सिर कहां है। जांच के तहत पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास से संभावित सुराग जुटाए जा रहे हैं, ताकि मामले की कड़ी को जोड़ा जा सके।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव को वहां किसने छोड़ा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।