भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने एक बार फिर अभिनेता पवन सिंह पर निशाना साधा है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में शामिल हुए खेसारी ने अपने करियर, निजी जीवन और इंडस्ट्री से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। पवन सिंह को लेकर खेसारी ने कहा, “मैं इस इंडस्ट्री में उनके बाद आया, लेकिन मैंने उनसे ज्यादा फिल्में की हैं। उन्होंने कहा था कि वह मेरे साथ कभी काम नहीं करेंगे, लेकिन उसके बाद से मैं लगातार इंडस्ट्री में काम कर रहा हूं। पवन सिंह के साथ मैंने सिर्फ एक फिल्म की है। सच बात हर किसी को अच्छी नहीं लगती। मैं पवन सिंह का चमचा नहीं हूं।”
काजल राघवानी को लेकर कही ये बात
काजल राघवानी के साथ अपने रिश्तों पर बात करते हुए खेसारी ने कहा, “उस समय वो मेरे लिए सही थीं और आज भी सही हैं। इंसान को प्यार हो जाता है। मैं तो कहूंगा कि मर्द को प्यार नहीं, आदत हो जाती है। जब प्यार होता है तो सब अच्छा लगता है, लेकिन ब्रेकअप के बाद वही इंसान गलत नजर आने लगता है।”
बचपन में दूध बेचते थे खेसारी
अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए खेसारी ने बताया, “हमारे पास जमीन नहीं थी। हम लोग गांव में चाचा के साथ रहते थे, जबकि पिताजी दिल्ली में काम करते थे। बचपन में मैं घर-घर जाकर दूध पहुंचाता था और उसी दौरान गाना भी गाता था। बाद में मैं दिल्ली आ गया और 2004 से 2007 तक ओखला में लिट्टी-चोखा बेचा। रात में स्टेज पर गाने भी गाता था।”
Also read: डॉन 3 विवाद पहुंचा कोर्ट , रणवीर-फरहान मामले में FWICE पर कानूनी कार्रवाई
उन्होंने आगे कहा, “2006 में मेरी शादी हुई। पहली बार पिताजी ने मुझे 11 हजार रुपये दिए, जिससे मैंने अपनी पहली कैसेट निकाली, लेकिन वह फ्लॉप हो गई। दूसरी कैसेट को थोड़ा प्यार मिला, जबकि तीसरी कैसेट को जनता का भरपूर समर्थन मिला।”
बेटी के जन्म के बाद बदली किस्मत
खेसारी ने बताया कि साल 2008 में उनकी बेटी कृति का जन्म हुआ। उसी दौरान उनका गाना ‘चूसता देवरा’ रिलीज हुआ, जिसमें उन्होंने लड़की का किरदार निभाया था और खुद ही गीत गाया था। यह गाना रातों-रात हिट हो गया और इसके बाद उनके कई गाने सुपरहिट साबित हुए।
खेसारी का मानना है कि बेटी कृति के जन्म के बाद उनकी किस्मत बदल गई। वह उन्हें अपना लकी चार्म मानते हैं। कृति अब बड़ी हो चुकी हैं और भोजपुरी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं।
मनोज तिवारी के घर में छिपकर रहे थे
मुंबई में शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए खेसारी ने बताया, “जब मैं मुंबई आया था, तब मनोज तिवारी के घर में छिपकर रहता था। वहां काम करने वाले दो केयरटेकरों से मेरी पहचान थी, जिन्होंने मुझे वहां रहने में मदद की। उस समय मनोज तिवारी ज्यादातर दिल्ली में रहते थे। बाद में उन्हें भी पता चल गया था कि मैं उनके घर में रह रहा था।”
काजल राघवानी के करियर पर भी बोले
खेसारी और काजल राघवानी की जोड़ी भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय जोड़ियों में से एक रही है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले काजल ने एक इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि खेसारी ने उनसे शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में पीछे हट गए। वहीं खेसारी का कहना था कि काजल के करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में उनका बड़ा योगदान रहा है।
Also read: 'मैं खुद से दूर हो गई, इसलिए...', रिया चक्रवर्ती ने सोशल मीडिया को कहा अलविदा; इमोशनल पोस्ट में छलका दर्द
रवि किशन को लेकर भी जताई नाराजगी
पॉडकास्ट के दौरान खेसारी ने अभिनेता और सांसद रवि किशन पर भी निशाना साधा। दरअसल, गोरखपुर महोत्सव में रवि किशन ने पवन सिंह की मौजूदगी में खेसारी पर तंज कसते हुए कहा था कि इंडस्ट्री में एक अभिनेता ऐसा है जो पहले दोनों पैर छूकर सम्मान करता था, लेकिन स्टार बनने के बाद सिर्फ घुटना छूने लगा।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी ने कहा, “कोई बड़ा इंसान अपना पैर छूने भी नहीं देता। मुझे रवि किशन के सामने दंडवत करना चाहिए, लेकिन मैंने उन्हें बड़े लोगों के सामने ऐसा करते नहीं देखा। मैंने उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के सामने भी दंडवत करते नहीं देखा, इसलिए हम भी नहीं सीख पाए। मुझे रवि किशन के प्यार की जरूरत नहीं है। मेरे जीवन में उनका कोई योगदान नहीं है। जनता का प्यार ही मेरे लिए सबसे बड़ी बात है।”