Delhi News:दिल्ली के जनकपुरी इलाके में एक कारोबारी से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल बिश्नोई बताकर कारोबारी के परिवार को धमकाया। WhatsApp पर धमकी भरे मैसेज भेजने के साथ ही आरोपी ने डर पैदा करने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। उसने 10 रुपये के नोट को लैमिनेट करवाकर दो हिस्सों में काटा और उसका आधा हिस्सा एक लिफाफे में रखकर कारोबारी के घर पहुंचा दिया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आरोपी आशु मौर्य को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, जनकपुरी निवासी कारोबारी जतिन गाबा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार को लगातार WhatsApp पर धमकी भरे मैसेज मिल रहे हैं। मैसेज भेजने वाला खुद को अनमोल बिश्नोई बता रहा था और परिवार से 60 लाख रुपये की मांग कर रहा था। धमकी को गंभीरता से लेते हुए आरोपी ने कारोबारी के घर एक लिफाफा भी भिजवाया। इसमें लैमिनेट किए गए 10 रुपये के नोट का आधा हिस्सा रखा हुआ था।
रैपिडो राइडर के जरिए घर पहुंचाया धमकी भरा लिफाफा
मामले की जांच के लिए जनकपुरी थाना पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिकायतकर्ता के घर लिफाफा पहुंचाने वाला व्यक्ति पंकज गौतम था, जो रैपिडो राइडर का काम करता है। पूछताछ में पंकज ने बताया कि उसे गुरुग्राम के मानेसर से एक ऑनलाइन राइड बुक करके लिफाफा जनकपुरी स्थित कारोबारी के घर पहुंचाने के लिए कहा गया था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबरों की जांच की, जिसके आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान हुई।
कारोबारी के यहां 27 साल से ड्राइवर है आरोपी का पिता
तकनीकी जांच में धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए नंबर का संबंध उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 27 वर्षीय आशु मौर्य से मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे पैसों की जरूरत थी और इसी वजह से उसने रंगदारी वसूलने की योजना बनाई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी के पिता पिछले 27 साल से कारोबारी जतिन गाबा के यहां ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे हैं। इस वजह से आशु को कारोबारी और उनके परिवार के बारे में काफी जानकारी थी। उसने इसी जानकारी का इस्तेमाल कर परिवार को निशाना बनाया। आरोपी को लगा कि अगर वह खुद को अनमोल बिश्नोई बताकर धमकी देगा तो लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से डरा हुआ परिवार 60 लाख रुपये देने के लिए तैयार हो जाएगा।
चार मोबाइल फोन और टैबलेट समेत सामान बरामद
दिल्ली पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और सिम कार्ड सहित कुल चार मोबाइल फोन, एक वनप्लस टैबलेट, लैमिनेट किए गए 10 रुपये के नोट का बचा हुआ आधा हिस्सा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है और फिलहाल हरियाणा के मानेसर में ड्राइवर का काम कर रहा था। मामले में आगे की जांच जारी है।
Also read: SD Pay ऐप के नाम पर 1211 करोड़ का लगाया चूना, 6.52 लाख लोगों के साथ हुई धोखाधड़ी;12 आरोपी अरेस्ट