FSSAI Clarify Sample Test:बिसलेरी ने अपने उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों पर सफाई दी है। कंपनी ने आरोपों को लेकर कहा है कि उसे भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कोई नोटिस नहीं मिला है। कंपनी के मुताबिक, उसके उत्पादों के सैंपल थर्ड पार्टी टेस्टिंग में भी पास हुए हैं। बिसलेरी ने अपनी गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर उठ रही चिंताओं पर अपना पक्ष रखा है।
कंपनी ने बताया कि यह मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने वहां से पानी के छह सैंपल लिए थे। बिसलेरी के अनुसार, शुरुआती जांच में पांच सैंपल निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि एक सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया था, जो निर्धारित 10 माइक्रोग्राम की सीमा से अधिक था।
ब्रोमेट की सीमा निर्धासित: बिसलेरी
बिसलेरी ने 22 नवंबर 2025 को इस रिपोर्ट के खिलाफ अपील की थी। इसके बाद सैंपल को रेफरल लैब में दोबारा जांच के लिए भेजा गया। कंपनी का कहना है कि वहां ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर मिला, हालांकि जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी भी सामने आई। इसके बाद कंपनी ने उसी सैंपल की एक FSSAI से मान्यता प्राप्त स्वतंत्र लैब में जांच कराई, जिसमें ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया। बिसलेरी ने 2 फरवरी 2026 को इस रिपोर्ट को पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराया था। कंपनी का दावा है कि इसके बाद उसे कोई जवाब नहीं मिला और उसने मामले को बंद मान लिया।
नियामक प्रक्रिया में सहयोग करेगी बिसलेरी
हालांकि, FSSAI ने अपनी जांच के आधार पर सैंपल को असुरक्षित घोषित किया है। रेफरल लैब की रिपोर्ट में PAHs मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत बिसलेरी के खिलाफ अभियोजन शुरू करने की मंजूरी दी गई है। वहीं, बिसलेरी ने कहा है कि वह नियामक प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगी। कंपनी के मुताबिक, उसकी 10 चरणों वाली मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता जांच की जाती हैं और पीने का पानी सुरक्षित रखना उसकी प्राथमिकता है।
Also read: Maruti Suzuki Price Hike: मारुति ने दिया झटका! आज से महंगी हो गईं कारें, जानें कितनी बढ़ेंगी कीमतें