Delhi News: दिल्ली पुलिस ने राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट फॉरेनर सेल ने वीजा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में तीनों को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, तीनों निर्धारित 15 दिनों की अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रुके हुए थे। यह कार्रवाई पहाड़गंज के शोरा कोठी स्थित होटल सुदर्शन पैलेस में चलाए गए विशेष वीजा वेरिफिकेशन अभियान के दौरान की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान 53 वर्षीय साला उद्दीन, 40 वर्षीय शौकत अली और 25 वर्षीय कमरुल हसन के रूप में हुई है। तीनों 6 अक्टूबर 2026 को डबल एंट्री वीजा पर भारत आए थे। हालांकि, वीजा के तहत निर्धारित 15 दिनों की अवधि पूरी होने के बाद भी वे भारत में रह रहे थे।
मेडिकल जांच के बाद FRRO के सामने किया पेश
कार्रवाई के बाद पुलिस ने तीनों बांग्लादेशी नागरिकों की मेडिकल जांच कराई। इसके बाद उन्हें फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) के सामने पेश किया गया। FRRO ने तीनों के खिलाफ Restriction Order जारी किया है।
डिपोर्टेशन की प्रक्रिया के लिए डिटेंशन सेंटर भेजे गए
FRRO के आदेश के बाद तीनों नागरिकों को आगे की डिपोर्टेशन प्रक्रिया पूरी होने तक दिल्ली के सेवा धाम डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। पुलिस की यह कार्रवाई राजधानी में विदेशी नागरिकों के वीजा और ठहरने से जुड़े नियमों के सत्यापन अभियान का हिस्सा है।