Boat Overturns in the Yamuna: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में यमुना नदी पर एक बड़ा हादसा सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया। जानकारी के अनुसार, पीपा पुल के पास श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण पलट गई। नाव में सवार लोग संभल पाते, उससे पहले ही कई लोग नदी में गिर गए और तेज बहाव में बहने लगे।
इस हादसे में अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 से अधिक लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं।
गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
गोताखोरों की मदद से यमुना नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। मौके पर मथुरा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। हादसा दोपहर पौने 3 बजे केशी घाट के पास हुआ, दो श्रीबांके बिहारी मंदिर से लगभग ढाई किमी की दूरी पर है। नाव पीपा पुल से टकराने के बाद नदी में पलट गई।
सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान
इस दुखद घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी पार करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें और क्षमता से अधिक सवारी न करें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।