Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में आए ताजा WD का असर और अधिक गहरा होता हुआ दिखाई देगा। जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मध्य व ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में भी हल्की बारिश होगी, कहीं कहीं तेज बारिश भी हो सकती है। हालांकि पहाड़ी राज्यों के निचले तलहटी और निचले पहाड़ी इलाकों में केवल बूंदाबांदी या हल्की बारिश की ही उम्मीद है।
इस सिस्टम का प्रभाव दक्षिण पश्चिमी पंजाब, पश्चिमी व दक्षिणी हरियाणा, यूपी के यमुना नदी से सटे जिलों, राजस्थान के उत्तर, पूर्वी व दक्षिणपूर्वी जिलों तथा मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में अधिक देखने को मिलेगा। जहां बिखरे तौर पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज चमक की गतिविधियां दर्ज होगी, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश या भारी बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
इस सिस्टम का सबसे ज्यादा प्रभाव राजस्थान के मध्य जिलों पर देखने को मिलेगा, जहां कई इलाकों में अच्छी बारिश की गतिविधियां दर्ज हो सकती हैं।
Also read: IMD Weather Forecast: अगले 7 दिन मौसम रहेगा बदला-बदला, दिल्ली-UP-हरियाणा समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
वहीं पंजाब के उत्तर-मध्य जिलों और पूर्वी जिलों, चंडीगढ़, उत्तर व पूर्वी हरियाणा, दिल्ली NCR, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों, बुंदेलखंड तथा पूर्वांचल के कुछ इलाकों में दोपहर बाद या देर रात के घंटों के दौरान सीमित स्तर पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इन क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बहुत कम समय के लिए और सीमित दायरे में रहने की संभावना है। फिलहाल इन इलाकों में किसी बड़ी बारिश की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है।
दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान तथा अवध क्षेत्र के कई जिलों में मौसम मुख्यतः साफ या आंशिक बदलवाही वाला बना रहेगा। इन इलाकों में बारिश की संभावना बहुत कम रहेगी, हालांकि कहीं कहीं इक्का दुक्का स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
आगे का मौसम पूर्वानुमान:
उत्तर भारत में मौसम में ताजा WD से परसों भी मैदानी इलाकों में जारी रहने की संभावना है। इसके चलते पंजाब और हरियाणा के पश्चिमी जिलों, उत्तर मध्य राजस्थान, दक्षिण पूर्वी राजस्थान, उत्तर मध्य व दक्षिणी मध्य प्रदेश तथा उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेगी।
हालांकि उत्तरपूर्वी पंजाब, उत्तरपूर्वी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्सों तथा तराई वाले अवध और पूर्वांचल क्षेत्रों में इस सिस्टम का प्रभाव काफी कमजोर रहेगा।