Haryana News: हरियाणा के रोहतक जिले के सांपला थाना क्षेत्र के गांव इस्माइला 9बी में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह गांव के जलघर परिसर में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नीरज पुत्र दिलबाग निवासी इस्माइला 9बी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने सुबह जलघर परिसर में शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सांपला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतक नीरज अविवाहित था और मजदूरी का कार्य करता था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था तथा परिवार में उसकी तीन बहनें हैं। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल है।
Also read: Haryana news : हरियाणा में स्कूल संचालिका मर्डर के दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, जाने पूरा मामला ?
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई रोहतक भेज दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।