Gurugram Police: गुरुग्राम पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों से 13 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि इन सभी के पास भारत में रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए हैं। अब इन लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और जल्द ही इन्हें उनके देश वापस डिपोर्ट किया जाएगा। यह पूरी कार्रवाई डीसीपी क्राइम हुतेश यादव के नेतृत्व में की गई। क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने शहर के संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीमों ने झुग्गी-झोपड़ियों, कंस्ट्रक्शन साइट्स और अन्य स्थानों पर जाकर संदिग्ध लोगों के दस्तावेजों की जांच की।
बांग्लादेश से जुड़े दस्तावेज बरामद
जांच के दौरान 13 ऐसे लोग मिले जिनके पास भारत में रहने का कोई वैध प्रमाण नहीं था। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से बांग्लादेश से जुड़े कुछ दस्तावेज भी बरामद किए गए। पुलिस ने तुरंत सभी को हिरासत में ले लिया और आगे की जांच शुरू कर दी। पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। हिरासत में लिए गए लोगों ने बताया कि वे बांग्लादेशी एजेंटों की मदद से कालियागंज बॉर्डर के रास्ते अवैध तरीके से भारत में दाखिल हुए थे। भारत आने के बाद उन्होंने अपनी पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग जगहों पर मजदूरी का काम शुरू कर दिया और सामान्य लोगों की तरह रहने लगे।
गुरुग्राम पुलिस कर रही आगे की जांच
गुरुग्राम पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि शहर में इन लोगों को रहने और काम दिलाने में कौन-कौन शामिल था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन्हें किसने संरक्षण दिया और किन नेटवर्क के जरिए ये यहां तक पहुंचे। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध रूप से रह रहे लोगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके तहत झुग्गी-झोपड़ियों, किराए के मकानों, पीजी, औद्योगिक क्षेत्रों, होटलों और अन्य व्यावसायिक जगहों पर लगातार जांच की जाएगी।
पुलिस ने की आम जनता से अपील
डीसीपी क्राइम हुतेश यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो लोग वैध दस्तावेजों के साथ रह रहे हैं, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। लेकिन अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों और आरडब्ल्यूए से अपील की है कि वे किरायेदारों, घरेलू कर्मचारियों और मजदूरों का पुलिस वेरिफिकेशन जरूर करवाएं। साथ ही यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दें।
Also read: हरियाणा HTET परीक्षा का शेड्यूल जारी, तीन कैटेगरी में होगी परीक्षा