Haryana News: हरियाणा के पानीपत में सामने आए सनसनीखेज डबल मर्डर केस ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक ने पहले पंजाब के डेराबस्सी में अपने सगे चाचा की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद शव को कार में रखकर पानीपत पहुंचा और यहां अपने एक दोस्त को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। आरोपी ने उसकी भी गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों शवों को दिल्ली-पैरेलल नहर के किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में चाचा की हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद की बात सामने आ रही है, जबकि दोस्त की हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार ने बताया कि समालखा थाना क्षेत्र में नहर के पास दो शव मिलने की सूचना मिली थी। दोनों शवों की पहचान कर ली गई है और मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने बताया कि सीआईए और थाना पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि हत्याएं कहीं और की गईं और बाद में शवों को पानीपत लाकर नहर किनारे फेंका गया। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। डीएसपी ने कहा कि एक मृतक पानीपत का निवासी है जबकि दूसरा पंजाब का रहने वाला था। दोनों की मौत फायर आर्म इंजरी से हुई है। गोलियां शरीर के किन हिस्सों में लगी हैं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
मृतक के दादा बलजीत सिंह ने बताया कि उनका पोता अपने चाचा के साथ पानीपत पहुंचा था। इसी दौरान उसके पास एक युवक साहिल का फोन आया। उसने चाचा से कहा कि वह साहिल से मिलकर तुरंत वापस आ जाएगा। उन्होंने बताया कि युवक मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा। बाद में उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा। परिजनों ने उसके कार्यस्थल का दूसरा फोन मिलाया तो वह समालखा पुलिस के पास था। पुलिस ने परिजनों को नहर के पास बुलाया, जहां उन्हें घटना की जानकारी मिली। बलजीत सिंह ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है।
Also read: Haryana news : हरियाणा में हुआ प्रशासनिक फेरबदल, जाने पूरी खबर ?
ड्यूटी से लौटने के बाद गया था मिलने
मृतक के पिता रामजुआरी ने बताया कि उनका बेटा समालखा की अनाज मंडी स्थित एक सीमेंट स्टोर पर काम करता था। वह रात करीब आठ बजे ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान उसके फोन पर कॉल आई और वह साहिल से मिलने की बात कहकर घर से निकल गया। उन्होंने बताया कि बाद में उसका फोन बंद हो गया। जब दूसरे नंबर पर संपर्क किया गया तो फोन पुलिस ने उठाया और उन्हें समालखा आने के लिए कहा। रास्ते में पुलिस ने नहर के पास पहुंचने को कहा, जहां बेटे की हत्या की जानकारी मिली। परिजनों के अनुसार मृतक और आरोपी एक-दूसरे को स्कूल के समय से जानते थे।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। सीआईए और थाना पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।