IPL 2027: दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग आईपीएल (Indian Premier League) के शेड्यूल में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) 2027 से आईपीएल को पहले शुरू करने पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक, अब टूर्नामेंट मार्च के आखिरी सप्ताह के बजाय 10 मार्च के आसपास शुरू होकर 15 मई तक खत्म किया जा सकता है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने संकेत दिए हैं कि बोर्ड खिलाड़ियों और दर्शकों को भीषण गर्मी और प्री-मानसून बारिश से बचाने के लिए यह बदलाव गंभीरता से सोच रहा है। आईपीएल 2027 लीग का 20वां सीजन होगा, जिसे BCCI एक खास और यादगार आयोजन के रूप में पेश करने की तैयारी कर रहा है।
क्यों लिया जाएगा ये फैसला?
पिछले कुछ वर्षों में आईपीएल मैचों के दौरान कई शहरों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों में खिलाड़ियों को लंबे समय तक मैदान पर खेलना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही दर्शकों को भी स्टेडियम में बैठकर मैच देखने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बीसीसीआई का मानना है कि मई के दूसरे हिस्से में कई जगहों पर प्री-मानसून बारिश शुरू हो जाती है, जिससे प्लेऑफ और फाइनल जैसे अहम मुकाबलों पर असर पड़ सकता है। इसलिए बोर्ड नहीं चाहता कि टूर्नामेंट के सबसे महत्वपूर्ण मैच मौसम की वजह से प्रभावित हों।
मार्च में आयोजित होंगे मैच
इसी कारण आईपीएल को करीब दो सप्ताह पहले शुरू करने का विकल्प तैयार किया जा रहा है। बोर्ड ने अपने गेम्स डेवलपमेंट विभाग को नई विंडो पर काम करने के निर्देश दिए हैं। योजना के अनुसार घरेलू क्रिकेट सीजन को पहले खत्म कर आईपीएल को मार्च के पहले हिस्से में आयोजित किया जाएगा। हालांकि, मैचों की संख्या बढ़ाने को लेकर चल रही अटकलों को BCCI ने फिलहाल खारिज कर दिया है। 74 मैचों के मौजूदा फॉर्मेट में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। बोर्ड का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर पहले से ही काफी व्यस्त है, ऐसे में अतिरिक्त मैच जोड़ना संभव नहीं है।
खिलाड़ियों के आराम का रखा जाएगा ध्यान
BCCI ने यह भी स्पष्ट किया है कि आईपीएल अब सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के खिलाड़ियों का टूर्नामेंट बन चुका है। ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों की उपलब्धता को ध्यान में रखना जरूरी है। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो इसका असर भारतीय घरेलू क्रिकेट पर भी पड़ेगा। रणजी ट्रॉफी सहित सभी घरेलू टूर्नामेंटों को मार्च की शुरुआत तक समाप्त करने की योजना बनाई जा सकती है, ताकि खिलाड़ियों को पर्याप्त आराम और तैयारी का समय मिल सके।
Also read: IND vs AFG, 2ND Odi: श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दूसरे भारतीय खिलाड़ी