Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के गुरुग्राम शहर में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का बुलडोजर अभियान लगातार जारी है।जानकारी के लिए बता दें की क्राइम ब्रांच ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति के तहत अपराध की कमाई से बनाई करोड़ों रुपए की अवैध संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई की है। और इसके साथ ही एक सप्ताह के भीतर चार अपराधियों की करीब पांच करोड़ रुपए मूल्य की अवैध प्रॉपर्टी ध्वस्त कर दी गई। विभाग की इस कार्रवाई से अपराधियों और भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने 4 जून से 10 जून के बीच एक विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत आदतन अपराधियों, नशा तस्करों, भूमाफियाओं और असामाजिक तत्वों के खिलाफ 'सर्जिकल स्ट्राइक' की गई। पुलिस जांच में सामने आया कि इन अपराधियों ने चोरी, नशा तस्करी, अवैध वसूली, हत्या के प्रयास, मारपीट, आपराधिक धमकी और शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों से धन अर्जित किया था।
इसी क्राइम अर्जित धन के बल पर इन अपराधियों ने अवैध कब्जे कर मकान, दुकानें और अन्य निर्माण खड़े कर लिए थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन अपराधियों के खिलाफ 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस और प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जे हटाए गये। साथ ही, अवैध रूप से बनाई गई दुकानों और मकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच अब तक कुल 32 अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई कर चुकी है।