Hansi Murder: हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में फव्वारा चौक के पास जिम संचालक कपिल की दिनदहाड़े हुई हत्या का मामला अब और गंभीर हो गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शुरुआती जांच में इसे पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला माना जा रहा था, लेकिन अब इस केस में नया मोड़ सामने आया है। जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने लेने का दावा किया है। सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें खुद को गैंग से जुड़ा बताने वाला हरि बॉक्सर नाम का व्यक्ति इस वारदात की जिम्मेदारी लेता सुनाई दे रहा है। हालांकि, इस ऑडियो की किसी भी आधिकारिक एजेंसी या मीडिया संस्थान द्वारा पुष्टि नहीं की गई है।
हरि बॉक्सर ने किया दावा
वायरल ऑडियो में हरि बॉक्सर ने कहा कि हांसी में जिम संचालक कपिल की हत्या उनके गैंग के सदस्यों द्वारा की गई है। उसने यह भी दावा किया कि कपिल पहले हुई कुछ फायरिंग की घटनाओं में शामिल लोगों को सहयोग दे रहा था, इसी कारण उसे निशाना बनाया गया। ऑडियो में अन्य व्यक्तियों के नाम भी लिए गए हैं और आगे भी कार्रवाई की धमकी दी गई है। इसके अलावा ऑडियो में दिल्ली में एक जिम पर हुई फायरिंग का भी जिक्र किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी भी गैंग के अन्य सदस्यों पर बताई गई है। हालांकि, पुलिस ने इन सभी दावों की जांच शुरू कर दी है और अभी किसी भी गैंग की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
संचालक कपिल की मौके पर ही हो गई मौत
घटना गुरुवार सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच हुई थी, जब कपिल फव्वारा चौक के पास युवकों और युवतियों को कसरत करवा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और कुछ ही सेकंड में .45 बोर हथियार से कई राउंड फायरिंग कर दी। कपिल को सिर और पीठ में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में एक युवती भी घायल हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मूल रूप से जींद का रहने वाला कपिल जिम संचालक था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हिसार पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार और सीआईए टीमें अब इस मामले को हर एंगल से जांच रही हैं, जिसमें पुरानी रंजिश और गैंगस्टर कनेक्शन दोनों शामिल हैं। जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।
Also read: Haryana news : हरियाणा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, बदमाश को किया गिरफ्तार