Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामनबे आई है। हरियाणा सरकार ने आतंकवाद विरोधी गतिविधियों से जुड़े मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य में एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) का गठन किया है। इस संबंध में गृह विभाग ने बुधवार को अधिसूचना जारी कर दी।
जारी अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल ने अपराध अन्वेषण विभाग (CID) के अंतर्गत एक विशेषीकृत एजेंसी के रूप में ATS का गठन किया है। यह इकाई आतंकवाद से मुकाबला करने व आतंकवाद से संबंधित मामलों की जांच और निपटान का कार्य करेगी। ATS का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) रैंक से कम स्तर का अधिकारी नहीं करेगा। यह अधिकारी सीआईडी प्रमुख के माध्यम से पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को रिपोर्ट करेगा।
सरकार ने ATS का मुख्यालय पंचकूला में स्थापित करने का निर्णय लिया है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नई एजेंसी के गठन से आतंकवाद विरोधी गतिविधियों में राज्य की क्षमता मजबूत होगी और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का अधिक प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकेगा।
इस जगह होगा थाना
हरियाणा सरकार ने आतंकवाद से जुड़े अपराधों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने के लिए राज्य में दो एंटी-टेररिज्म स्क्वाड के पुलिस थानों के गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पंचकूला और गुरुग्राम में एटीएस पुलिस थाने स्थापित किए गए हैं।
इन थानों के अधिकार क्षेत्र भी निर्धारित
पंचकूला एटीएस थाना पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, कैथल, हिसार, हांसी, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, रोहतक, भिवानी और चरखी दादरी जिलों में आतंकवाद संबंधी मामलों की जांच करेगा। वहीं गुरुग्राम एटीएस थाना सोनीपत, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों को कवर करेगा।