Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा क्षेत्र में पिस्टल की नोक पर कार लूटने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार दोपहर आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से काबू कर लिया गया।
डीएसपी ने बताया कि 12 जून को अंबाला निवासी मनजीत की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार चार युवकों ने उसकी कार किराये पर ली थी और रास्ते में पिस्टल दिखाकर कार लूटकर फरार हो गए थे। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने लूटी गई कार को हिसार के बरवाला क्षेत्र के पास खेतों से बरामद किया। कार से मिले एक मोबाइल फोन की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
Also read: हरियाणा के नारनौल में सनसनीखेज वारदात, पत्नी ने पति की चाकू मारकर की हत्या, पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
उन्होंने बताया कि सोमवार तड़के करीब ढाई बजे सूचना मिली कि वारदात में शामिल दो आरोपी नरवाना ब्रांच के पास श्मशान घाट के नजदीक मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी विशाल के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी लविश गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान कमलजीत, रोहित, अभिषेक, आजाद, जसकरण और निखिल को भी गिरफ्तार किया गया। निखिल पर वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्टल उपलब्ध कराने का आरोप है। डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार व अन्य महत्वपूर्ण सबूत भी बरामद किए हैं। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।