Haryana News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से सोमनाथ दर्शन के लिए विशेष ट्रेन को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सीएम सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र से भगवान शिव के प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ महादेव के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन को रवाना करना मेरा परम सौभाग्य है। इस यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को हार्दिक शुभकामनाएं। सोमनाथ मंदिर का इतिहास भारत की धैर्य गाथा का इतिहास रहा है।
सीएम सैनी ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व को जन-जन का उत्सव बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हरियाणा में भी उसी दिन पेहोवा स्थित अरुणाय संगमेश्वर महादेव मंदिर में बड़े भव्य ढंग से मनाया गया। आज देश भर के तीर्थ स्थलों का विकास चार धाम परियोजना, प्रसाद योजना और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के माध्यम से भारत अपनी जड़ों से जुड़ रहा है। इसी श्रृंखला में हम आज सोमनाथ मंदिर के लिए इस ट्रेन को रवाना कर रहे हैं।
सीएम सैनी ने कहा कि 11 मई 1951 को भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का उद्घाटन किया। आजादी के बाद सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष भी पूरे हुए। इस अवसर पर देश भर में सोमनाथ स्वाभिमान पर मनाया जा रहा है,जो जनवरी 2027 तक चलेगा। उन्होंने कहा कि कोई भी श्रद्धालु आर्थिक अभाव के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित न रहे इसी उद्देश्य से हमने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना चलाई।
हरियाणा और भारत की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना करें- सीएम
सीएम सैनी ने कहा कि इससे पहले भी इस योजना के तहत अयोध्या धाम और प्रयागराज के लिए श्रद्धालुओं की विशेष बसें भेजी गई। अयोध्या धाम के लिए 28 मार्च को अंबाला से विशेष तीर्थ ट्रेन और श्री हजूर साहिब नांदेड़ के लिए दो ट्रेन में कुरुक्षेत्र और सिरसा से रवाना की गई। रेलवे विभाग और सभी अधिकारियों का हृदय से धन्यवाद जिन्होंने इस यात्रा के सफल आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। मेरा सभी श्रद्धालुओं से आग्रह कि भगवान सोमनाथ के समक्ष पूरे हरियाणा और भारत की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना करें।