UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या में नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र बांटे। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी महिलाओं के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार आंगनवाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने और वहां काम करने वाली महिलाओं को सुविधाएं देने पर लगातार काम कर रही है। सीएम योगी ने बताया कि सरकार ने आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए चार तरह की योजनाएं शुरू की हैं। इनमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 5 लाख रुपये तक का हेल्थ कवर देना, साल में मिलने वाली साड़ियों की संख्या बढ़ाना और केंद्रों को तकनीक से जोड़ना शामिल है। इसके अलावा रियल टाइम डेटा उपलब्ध कराने के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों को स्मार्टफोन और तकनीकी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है।
अब स्मार्ट होंगे आंगनवाड़ी केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आंगनवाड़ी केंद्रों को स्मार्ट बनाने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या से इस योजना की शुरुआत की जा रही है। सीएम के मुताबिक, सम्मानजनक मानदेय और बेहतर सुविधाओं से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अपना काम और अच्छी तरह कर सकेंगी। इससे केंद्रों की व्यवस्था में भी सुधार होगा।
पुराने हालात का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि करीब नौ साल पहले प्रदेश के कई आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति खराब थी। उन्होंने पिछली सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पोषण से जुड़ी योजनाओं में भी अनियमितताएं होती थीं। इसका नुकसान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को उठाना पड़ता था।मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 से पहले कई केंद्रों पर बच्चों के लिए जरूरी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं थीं। उन्होंने कहा कि कई जगह पानी की भी व्यवस्था नहीं थी और योजनाओं का पैसा गलत तरीके से इस्तेमाल किया जाता था।
यशोदा और कान्हा का उदाहरण दिया
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2018 के एक बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की तुलना भगवान कृष्ण की देखभाल करने वाली मां यशोदा से की थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मां के बाद बच्चे का पहला संवाद अक्सर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से ही होता है। इसलिए बच्चों के विकास में आंगनवाड़ी केंद्रों की बड़ी भूमिका है।
70 हजार से ज्यादा केंद्रों में सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 70 हजार से ज्यादा आंगनवाड़ी केंद्रों को व्यवस्थित रूप दिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे नए केंद्रों का निर्माण राज्य वित्त आयोग या अलग बजट के माध्यम से किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य बच्चों को स्वस्थ वातावरण और बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पोषण माह का कार्यक्रम अयोध्या के बाद बुधवार को काशी पहुंचेगा। सरकार का जोर आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और विकास पर है।
Also read: बागपत किशोरी हत्याकांड का खुलासा, क्राइम शो देखकर रची थी साजिश; पति-पत्नी गिरफ्तार