Agnipath Scheme 2026 : अग्निपथ योजना में जल्द बड़ा बदलाव हो सकता है। केंद्र सरकार और सेना के स्तर पर इस बात पर विचार चल रहा है कि अग्निवीरों को शुरुआती 4 साल की सेवा के बाद शादी करने की अनुमति दे दी जाए। यह छूट पुरुष और महिला, दोनों अग्निवीरों को मिल सकती है।
अभी क्या है नियम?
फिलहाल अग्निपथ योजना के नियमों के मुताबिक, अग्निवीरों को 4 साल की सेवा के दौरान अविवाहित रहना अनिवार्य है। अगर कोई अग्निवीर इस दौरान शादी करता है, तो उसे सेवा से हटाया जा सकता है।
क्यों बदले जा रहे हैं नियम?
4 नवंबर को CDS जनरल अनिल चौहान ने बताया था कि जो 75% अग्निवीर नियमित सेना में चयनित नहीं हो पाएंगे, उन्हें 2 साल का अतिरिक्त एक्सटेंशन दिया जाएगा। पहले हर बैच के सिर्फ 25% अग्निवीर ही स्थायी सेवा में जा सकते थे, बाकी को 4 साल बाद घर जाना पड़ता था। अब 2 साल की अतिरिक्त सेवा में उन्हें फिर से स्थायी होने का मौका मिलेगा।इसी अतिरिक्त 2 साल की सेवा के दौरान अग्निवीरों को शादी की छूट देने का प्रस्ताव है। हालांकि अभी तक इस पर कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
Also read: नेपाल के PM बालेंद्र शाह पहली बार भारत पहुंचे, PM मोदी से करेंगे मुलाकात; इन मुद्दों पर होगी अहम चर्चा
महिला अग्निवीरों के लिए क्या होगा?
शादी की छूट के साथ ही महिला अग्निवीरों को मैटरनिटी बेनिफिट्स देने पर भी चर्चा हो रही है। नवंबर 2023 में रक्षा मंत्रालय ने महिला सैनिकों को महिला अधिकारियों के बराबर मैटरनिटी, चाइल्ड केयर और एडॉप्शन लीव देने का फैसला लिया था। इसके तहत 180 दिन की मैटरनिटी लीव का प्रावधान है। अब सवाल यह है कि एक्सटेंशन अवधि में महिला अग्निवीरों को यह सुविधा कैसे मिलेगी, इस पर अंतिम फैसला बाकी है।
छुट्टियों में भी हो सकता है बदलाव
सूत्रों के मुताबिक, अतिरिक्त सेवा अवधि में छुट्टियों के नियमों पर भी समीक्षा हो रही है। अभी अग्निवीरों को साल में सिर्फ 30 दिन की छुट्टी मिलती है, जबकि नियमित सैनिकों को 90 दिन तक की छुट्टी मिलती है।