
Bharatpol Benefits: भारत में अपराध करने के बाद विदेश भाग जाने वाले अपराधियों के लिए अब कोई सुरक्षित स्थान नहीं होगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक नया पोर्टल 'भारतपोल' लॉन्च किया है। यह पोर्टल देश की पुलिस और जांच एजेंसियों को इंटरपोल से सीधे जुड़ने का मौका देगा। इससे अपराधियों तक पहुंचने की प्रक्रिया तेज़ और प्रभावी हो जाएगी।
बता दें कि,भारतपोल एक अत्याधुनिक पोर्टल है, जिसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने तैयार किया है। यह पोर्टल राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की पुलिस, एनआईए, ईडी जैसे सभी प्रमुख जांच एजेंसियों को आपस में जोड़ता है। खासतौर पर, यह पोर्टल विदेश भाग चुके अपराधियों के बारे में जानकारी प्राप्त करने में मदद करेगा।
भारतपोल का सफल ट्रायल हो चुका है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे 7जनवरी को औपचारिक रूप से लॉन्च किया। इसके बाद से पुलिस को इंटरपोल से जानकारी प्राप्त करने के लिए लंबी प्रक्रिया का सामना नहीं करना पड़ेगा। अब पुलिस को जल्दी और सीधे जानकारी मिल सकेगी।
इंटरपोल और भारतपोल में क्या फर्क है?
इंटरपोल एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है, जिसमें 195देशों की पुलिस एजेंसियां जुड़ी हैं। यह संगठन दुनिया भर के अपराधियों की जानकारी साझा करता है और अंतरराष्ट्रीय नोटिस जारी करता है। भारतपोल भी इसी तर्ज पर काम करेगा, जिससे भारतीय पुलिस को सीधे इंटरपोल से संपर्क करने की सुविधा मिलेगी।
भारतपोल की आवश्यकता
पहले, राज्य पुलिस को विदेश भागे अपराधियों के बारे में जानकारी के लिए सीबीआई से संपर्क करना पड़ता था। फिर सीबीआई इंटरपोल से जानकारी प्राप्त करती थी। इस प्रक्रिया में काफी समय लग जाता था। अब भारतपोल के जरिए पुलिस को सीधे इंटरपोल से जानकारी मिलेगी, जिससे कार्रवाई तेज़ हो सकेगी।
भारतपोल से मिलने वाले लाभ
अब पुलिस को अपनी रिक्वेस्ट की स्थिति जानने के लिए बार-बार सीबीआई से संपर्क नहीं करना पड़ेगा। भारतपोल के माध्यम से पुलिस सीधे अपनी रिक्वेस्ट को ट्रैक कर सकती है और जान सकती है कि उस पर क्या कार्रवाई हो रही है। इससे समय की बचत होगी और कार्रवाई में तेजी आएगी।
पाकिस्तान भी है इंटरपोल का सदस्य
पाकिस्तान 1995से इंटरपोल का सदस्य है और भारत भी 1949से इसका सक्रिय सदस्य है। भारत ने इंटरपोल की मदद से कई भगोड़े अपराधियों का प्रत्यर्पण करवाया है। 2021से अब तक, 100से ज्यादा अपराधियों को इंटरपोल के माध्यम से भारत लाया गया है। इनमें से कुछ प्रमुख अपराधी हैं सलमान रहमान खान, बरकत अली खान और रायहान अरबिक्कललारिक्कलार।
'भारतपोल' के आने से अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज़ होगी। इससे उन्हें पकड़ने में भी आसानी होगी।
Leave a comment