Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ आज चौमुखी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों से अब पहाड़ और मैदान के बीच की दूरी लगातार कम हो रही है।
पिथौरागढ़ जनपद में निर्मित ऑल वेदर रोड ने यातायात व्यवस्था को नई गति देने के साथ ही सीमांत क्षेत्र के विकास की नई कहानी लिखी है। पूर्व में मैदानी क्षेत्रों से पिथौरागढ़ पहुंचने में जहां 8 से 10 घंटे तक का समय लगता था, वहीं सड़क सुविधा बेहतर होने के बाद अब यह सफर करीब 3 से 4 घंटे में पूरा किया जा रहा है। इससे आमजन के साथ-साथ व्यापार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी सीधा लाभ मिल रहा है।
बेहतर और सुगम सड़क संपर्क के कारण पिथौरागढ़ अब पर्यटकों के लिए पहले से अधिक सुलभ गंतव्य बन रहा है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक कम समय में जनपद तक पहुंचकर यहां की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और धार्मिक पर्यटन स्थलों का आनंद ले रहे हैं।
विशेष रूप से आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा को भी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी का लाभ मिल रहा है। श्रद्धालु एवं पर्यटक सुगम यातायात व्यवस्था के चलते कम समय में सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचकर भगवान शिव के पवित्र धामों के दर्शन कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं।
ऑल वेदर रोड केवल सड़क निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि सीमांत जनपद पिथौरागढ़ को विकास की मुख्यधारा से और मजबूती से जोड़ने का माध्यम बन रही है। बेहतर कनेक्टिविटी के साथ आज पिथौरागढ़ में विकास, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिल रही है।