Uttarakhand News: उत्तराखंड के हल्द्वानी के ग्राउंड शुद्धिकरण विवाद ने अब सियासी रंग ले लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद मैदान के शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे तक पहुंच गया है। दरअसल, इस विषय को लेकर दिल्ली में प्रेसवार्ता के दौरान राहुल गांधी ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे दलित समाज के प्रति छुआछूत और भेदभाव बताया था, और दोषियों पर SC/ST एक्ट में FIR की मांग की थी।
जिसके बाद श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की ओर से हल्द्वानी कोतवाली में दी गई तहरीर में राहुल गांधी पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं ने मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले को लेकर कांग्रेस जहां भाजपा पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगा रही है, वहीं भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक ने साफ कहा कि मुकदमा भाजपा के किसी कार्यकर्ता ने नहीं, बल्कि एक आम नागरिक की शिकायत पर दर्ज हुआ है। उन्होने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया का हिस्सा है और भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। वहीं, हनी पाठक ने कांग्रेस पर बेवजह विवाद को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा विकास की राजनीति में विश्वास करती है जबकि कांग्रेस केवल भ्रम फैलाने का कार्य करती हैं।