Search KhabarFast

Press ESC to close

Uttarakhand News: खटीमा में छठ की धूम, CM धामी ने छठी मैया के दरबार में टेका माथा; श्रद्धालुओं को दिया खास संदेश

Uttarakhand News:  खटीमा में छठ की धूम, CM धामी ने छठी मैया के दरबार में टेका माथा; श्रद्धालुओं को दिया खास संदेश

Uttarakhand News: लोक आस्था, प्रकृति और सूर्य उपासना का प्रतीक चार दिवसीय छठ महापर्व सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत संपन्न हो गया। इस अवसर पर खटीमा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। सुबह से ही व्रती महिलाओं, उनके परिजनों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की भारी भीड़ के बीच आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।

सोमवार तड़के चार बजे से ही व्रती महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में अपने सिर पर डलिया और हाथों में सूप लेकर पूजा सामग्री, फल, मिष्ठान और पारंपरिक पकवानों के साथ गाजे-बाजे के बीच छठ घाटों पर पहुंचने लगीं। घाटों पर पहुंचकर महिलाओं ने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली, संतान की दीर्घायु तथा क्षेत्र की उन्नति की कामना की। इसके बाद व्रती महिलाएं जल में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने की प्रतीक्षा करती रहीं। जैसे ही सूर्य नारायण की पहली किरण दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने उन्हें अर्घ्य अर्पित कर नमन किया और अपना कठिन व्रत पूर्ण किया।

चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ निर्जला उपवास सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं का पालन किया। अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की बधाई दी तथा प्रसाद वितरित कर खुशियां साझा कीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खटीमा क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान सूर्य नारायण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। श्रद्धालु महिलाओं ने मुख्यमंत्री को प्रसाद भी भेंट किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छठ महापर्व कठिन तपस्या, अटूट आस्था और अनुशासन का प्रतीक है। यह पर्व हमारी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और मेल-मिलाप की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि नई फसल के आगमन, प्रकृति की सुंदरता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला यह पर्व सभी को मिल-जुलकर प्रेमपूर्वक रहने तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

वहीं क्षेत्रीय विधायक भुवन चंद्र कापड़ी, उत्तराखंड क्रांति दल के खटीमा विधानसभा प्रत्याशी रोहित भट्ट सहित तमाम जनप्रतिनिधियों ने भी छठ घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं और छठी मैया तथा भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। छठ महापर्व के समापन पर घाटों पर सुबह से ही विशेष चहल-पहल रही। पारंपरिक लोकगीतों, गाजे-बाजे और रीति-रिवाजों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Punjab News: पंजाब के फाजिल्का में दर्दनाक सड़क हादसा, शादी से लौट रही गाड़ी की टक्कर में 3 बच्चों समेत 5 की मौत

Punjab News: पंजाब के फाजिल्का में खुशियों भरा शादी का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब बारात लेकर लौट रही एक गाड़ी भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

UP News: कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला और 15 साल के बच्चे की मौत; 8 लोगों का रेस्क्यू

Kanpur Fire: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक रिहायशी इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। राधिका अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग एरिया में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में एक महिला और 15 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग बिल्डिंग के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और धुएं से घिरी इमारत में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast