Stock Market Rally: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार ने जबरदस्त शुरुआत की। दोनों प्रमुख इंडेक्स ग्रीन जोन में खुले। BSE सेंसेक्स खुलते ही 600 से ज्यादा अंक उछल गया, जबकि NSE निफ्टी ने भी करीब 130 अंकों की बढ़त के साथ कारोबार शुरू किया। शुरुआती कारोबार में लार्जकैप में भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स और ट्रेंट जैसे शेयरों में तगड़ी तेजी देखने को मिली।
शेयरों में तगड़ी तेजी
सेंसेक्स अपने पिछले बंद 81,592 के मुकाबले 200 से ज्यादा अंकों की बढ़त लेकर 81,810 पर खुला और कुछ ही देर में रॉकेट की रफ्तार पकड़ते हुए 639 से ज्यादा अंक उछलकर 82,231 के लेवल पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी शुक्रवार के बंद 25,144 से उछलकर 25,206 पर खुला और तेजी के साथ 25,310 के लेवल पर ट्रेड करता दिखा। शुरुआती कारोबार में लार्जकैप में Bharti Airtel 2.70%, Asian Paints 2.40%, Eternal 1.50%, SBI 1.35% और Kotak Bank 1.30% चढ़े। मिडकैप में APL Apollo 2% और Alkem 1.30% ऊपर रहे, जबकि स्मॉलकैप में Ather Energy 2.60%, PPL Pharma 2.20% और KPR Mill 2.10% की तेजी के साथ कारोबार करते दिखे।
Also read: बाजार में हाहाकार! सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी 25,100 के नीचे फिसला, ये 5 शेयर सबसे ज्यादा टूटे
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत
बाजार की इस तूफानी तेजी के संकेत पहले से ही मिल रहे थे। गिफ्ट निफ्टी अपनी ओपनिंग में ही 100 अंक ऊपर था। इसके अलावा इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से निवेशकों का सेंटीमेंट मजबूत हुआ। खबर लिखे जाने तक ब्रेंट क्रूड 95 डॉलर प्रति बैरल से नीचे और WTI क्रूड 87 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा था। वहीं नेचुरल गैस की कीमत में 2.50% की गिरावट आई और यह 3.157 डॉलर पर आ गई।