Haryana News:गुरुग्राम के सिधरावली गांव में सोमवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दीपक उर्फ दीपू (35) के रूप में हुई है। हमलावरों ने दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर उसकी स्विफ्ट कार को दूसरी गाड़ी से ओवरटेक कर रुकवाया और ड्राइविंग सीट पर बैठे दीपक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसे 10 से 15 गोलियां लगी हैं। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे गैंगवार या पुरानी आपराधिक रंजिश हो सकती है। दीपक कुख्यात गैंगस्टर अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है। उस पर अशोक राठी की पत्नी सुषमा की हत्या में शामिल होने का भी आरोप था।
कार में मिला दीपक का लहूलुहान शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे सिधरावली गांव के बस अड्डे के पास फुट ओवरब्रिज के नजदीक एक मारुति स्विफ्ट कार खड़ी मिली। कार की ड्राइविंग सीट पर दीपक का खून से लथपथ शव पड़ा था। उसने सीट बेल्ट लगा रखी थी। राहगीरों ने कार की हालत और अंदर शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो कार के शीशे टूटे हुए मिले। गाड़ी के टायर में भी गोली लगने से नुकसान हुआ था और कार की बॉडी पर गोलियों के कई निशान थे। शुरुआती जांच में सामने आया कि हमलावरों ने दूसरी गाड़ी से दीपक की कार को ओवरटेक करके रोका और उसे संभलने का मौका दिए बिना गोलियां चला दीं।
रात 12 बजे घर से निकला था दीपक
बिलासपुर थाना प्रभारी सुनील के मुताबिक, दीपक रविवार रात करीब 12 बजे घर से निकला था। पुलिस को आशंका है कि किसी ने उसे फोन करके बुलाया होगा। गांव से निकलकर जैसे ही वह दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे (NH-48) की सर्विस लेन पर पहुंचा, वहां मौजूद हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की। इनमें से 10 से 15 गोलियां दीपक को लगने की आशंका है। हालांकि, उसे कितनी गोलियां लगीं, इसकी अंतिम पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था दीपक
दीपक का नाम दिल्ली-एनसीआर के अपराध जगत में लंबे समय से जुड़ा हुआ था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, वह गैंगस्टर अशोक राठी गैंग का सक्रिय सदस्य था। करीब छह साल पहले अशोक राठी की हत्या के बाद भी दीपक गैंग में सक्रिय रहा। उसके खिलाफ पहले भी दो से तीन आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस हत्याकांड की जांच गैंगवार के एंगल से भी कर रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि दीपक की हत्या किसने और किस वजह से की। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है।
Also read: Delhi News:दिल्ली में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका