Kanpur Fire: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक रिहायशी इमारत में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। राधिका अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग एरिया में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में एक महिला और 15 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग बिल्डिंग के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और धुएं से घिरी इमारत में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
चीफ फायर ऑफिसर (CFO) दीपक शर्मा के मुताबिक, मिनी फायर कंट्रोल रूम को शाम 4:54 बजे राधिका अपार्टमेंट में आग लगने और लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद लाटूश रोड और कानगंज फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियों को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। CFO दीपक शर्मा भी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की निगरानी की।
पार्किंग एरिया से ऊपरी मंजिलों तक फैला धुआं
फायर ब्रिगेड की टीम जब अपार्टमेंट पहुंची तो पता चला कि आग ग्राउंड फ्लोर पर बने टू-व्हीलर पार्किंग एरिया में लगी थी। आग के कारण घना धुआं और तेज गर्मी तेजी से सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई। देखते ही देखते बिल्डिंग के कई हिस्से धुएं से भर गए और अंदर मौजूद लोगों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
आठ लोगों का रेस्क्यू, इलाज के दौरान दो की मौत
दमकल कर्मियों ने एक तरफ आग बुझाने और दूसरी तरफ लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। इस दौरान आठ लोगों को बिल्डिंग से बाहर निकाला गया। इनमें से चार लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
CFO दीपक शर्मा ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला और 15 साल के बच्चे ने दम तोड़ दिया। वहीं, दो अन्य लोगों का इलाज जारी है। दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया और उसे रिहायशी परिसर के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक दिया।