Delhi Pollution: दिल्ली में प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता एक बार फिर खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह 7:05 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 216 रहा। इस दौरान कई इलाकों में स्मॉग की मोटी परत देखने को मिली। शहर के कुछ हिस्सों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया। सिरीफोर्ट में सबसे ज्यादा 346 AQI दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। वहीं, NSIT द्वारका में AQI 330 रहा। प्रदूषण के प्रमुख कारकों में PM 2.5 और PM 10 शामिल रहे।
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है। पंजाबी बाग में AQI 276, चांदनी चौक में 271 और ITO में 267 दर्ज किया गया। इसके अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 259 और IIT दिल्ली में 258 AQI रहा। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में वायु गुणवत्ता सूचकांक 240, बुराड़ी में 221 और आनंद विहार में 205 दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में हवा खराब श्रेणी में रही।
वहीं, कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया। ओखला फेज-2 में AQI 191 और IMD लोधी रोड पर 149 रहा। ये दोनों क्षेत्र मध्यम श्रेणी में शामिल हैं। हालांकि, राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है और लोगों को खराब हवा में सांस लेनी पड़ रही है।
AQI की छह श्रेणियां, जानिए कितनी खराब है दिल्ली की हवा
CPCB के मानकों के मुताबिक, AQI को छह श्रेणियों में बांटा गया है। 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है। इस हिसाब से दिल्ली का औसत AQI 216 खराब श्रेणी में है, जबकि सिरीफोर्ट और NSIT द्वारका जैसे इलाकों में स्थिति बहुत खराब बनी हुई है।