Uttarakhand News: उत्तराखंड के ऋषिकेश के आईडीपीएल चौकी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां विस्थापित कॉलोनी गली नंबर 3 में एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपनी सगी मां को देसी तमंचे से सिर में गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के मुताबिक, विस्थापित कॉलोनी में रहने वाले सुमित गौड़ का अपनी मां उषा देवी के साथ घर पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर सुमित ने देसी तमंचा निकाला और मां पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे उषा देवी के सिर में लगी। जिसके बाद वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। रिहाइशी इलाके में अचानक गोली चलने की आवाज से पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। इस बीच प्रत्यक्षदर्शियों ने देखा कि सुमित लहूलुहान मां को आनन-फानन में एम्स ले जा रहा था। यह खौफनाक मंजर देखकर निवासियों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस टीम के साथ हरकत में आए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और तमंचे को कब्जे में लिया। जिसके बाद टीम एम्स पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। चौकी प्रभारी विवेक राठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि हमलावर बेटा सुमित नशे का आदी है।
घटना के वक्त भी वह नशे में था। जब मां उषा देवी ने उसे शराब पीने से मना किया, तो वह आगबबूला हो गया और उसने इस आत्मघाती कदम को अंजाम दे डाला। पुलिस ने आरोपी को बड़े भाई अमित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।