Uttarakhand News: खाड़ी देशों में तनाव कम होने और वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट की स्थिति में सुधार के बीच ईधन की कीमतों में भी राहत देखने को मिल रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईधन और ऊर्जा बचाने की अपील का असर लोगों के बीच दिखाई दे रहा है। कई लोग अब ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर वैकल्पिक साधनों को अपना रहे हैं।
इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर लगातार साइकिल से सफर कर लोगों को ऊर्जा बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। उनका कहना है कि साइकिल से यात्रा करने का उद्देश्य केवल ईंधन की बचत करना नहीं, बल्कि युवाओं और आम लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना भी है। नवीन ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समय-समय पर देशवासियों से ऊर्जा संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने की अपील की है। इस संदेश को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने साइकिल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाया है। साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है और इससे प्रदूषण कम करने में मदद मिलती है।
लोगों को दिया संदेश
नवीन ठाकुर ने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि आप कुछ भी करें शिद्दत से करें। जिससे आपको सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने युवाओं से भी अपील की कि वे ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की दिशा में आगे आएं।