Delhi News: राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाके में एक ओयो होटल के कमरे से युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान विक्की के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।
बाहरी दिल्ली के नांगलोई रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के पास स्थित ओयो होटल मेट्रो सिटी के कमरा नंबर 106 में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव कमरे के अंदर मिला। बताया जा रहा है कि मृतक विक्की नाम का युवक एक दिन पहले ही होटल में ठहरा था। सुबह होटल स्टाफ कमरे की सफाई के लिए पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो दूसरी चाबी से कमरा खोला गया। जैसे ही कर्मचारी अंदर पहुंचे, युवक का शव देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद तुरंत डायल 112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, जरूरी साक्ष्य जुटाए और होटल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
Also read: दिल्ली में 28 वर्षीय नवविवाहिता की की संदिग्ध मौत, पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद इलाके में संचालित ओयो होटलों को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई होटल नियमों के विपरीत संचालित हो रहे हैं। लोगों का यह भी दावा है कि कुछ दिन पहले पास के एक होटल में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक फ्लोर को सील किया था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।