UP News: यूपी के हरदोई के कोतवाली देहात क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पिहानी चुंगी इलाके में 17 वर्षीय किशोर ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। बेटे को इस हालत में देखकर मां सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सकीं और मकान की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। दोनों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
घटना कोतवाली देहात क्षेत्र के पिहानी चुंगी स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने की है। यहां रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर रामप्रकाश गुप्ता का 17 वर्षीय बेटा हिमांशु गुप्ता मंगलवार शाम घर पहुंचा। कुछ देर बाद उसने कमरे के अंदर फांसी लगा ली। उसी दौरान तीसरी मंजिल पर मौजूद उसकी मां गीता देवी ने जब बेटे को फंदे से लटका देखा तो वह गहरे सदमे में आ गईं और तीसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। परिजनों और आसपास के लोगों ने शोर सुनकर दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मां-बेटे दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया किशोर द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद मां ने सदमे में यह कदम उठाया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि किशोर ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया।