LIC Bima Sakhi Yojna: भारतीय जीवन बीमा निगम यानी LIC महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक खास योजना चला रही है। इस योजना का नाम LIC बीमा सखी योजना (LIC Bima Sakhi Yojana) है। इसके जरिए महिलाओं को बीमा एजेंट बनने का मौका दिया जा रहा है। खास बात यह है कि योजना से जुड़ने वाली महिलाओं को शुरुआती तीन साल तक हर महीने एक तय राशि स्टाइपेंड के रूप में दी जाती है। LIC बीमा सखी योजना का उद्देश्य महिलाओं को रोजगार से जोड़ना और गांवों में बीमा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस योजना के तहत महिलाएं बीमा पॉलिसी बेचकर कमाई कर सकती हैं और अपने पैरों पर खड़ी हो सकती हैं। योजना में शामिल होने वाली महिलाओं को ट्रेनिंग भी दी जाती है, ताकि वे बीमा क्षेत्र में बेहतर तरीके से काम कर सकें।
किसे मिल सकता है योजना का लाभ?
इस योजना के लिए 18 साल से 70 साल तक की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। इसके लिए महिला का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को इस योजना में प्राथमिकता दी जाती है। LIC बीमा सखी योजना में महिलाओं को तीन साल तक आर्थिक सहायता दी जाती है। पहले साल में महिलाओं को हर महीने 7000 रुपये स्टाइपेंड दिया जाता है। दूसरे साल में यह राशि 6000 रुपये प्रति महीना होती है, जबकि तीसरे साल में महिलाओं को 5000 रुपये प्रति महीना दिए जाते हैं। इसके अलावा पॉलिसी बेचने पर महिलाओं को कमीशन से भी कमाई का मौका मिलता है।
महिलाओं को दी जाएगी ट्रेनिंग
LIC की ओर से महिलाओं को बीमा से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाती है। तीन साल की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद महिलाएं LIC एजेंट के तौर पर काम कर सकती हैं। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि पहले साल में शुरू की गई कम से कम 65 प्रतिशत पॉलिसियां चालू रहें। इस योजना में LIC के मौजूदा एजेंट और कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों को पात्र नहीं माना जाता है। वहीं, अच्छा प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को अतिरिक्त कमीशन भी मिल सकता है।
कैसे करें आवेदन?
LIC बीमा सखी योजना के लिए आवेदन ऑनलाइन किया जा सकता है। इच्छुक महिलाएं LIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भर सकती हैं। आवेदन के लिए पहचान पत्र, पता प्रमाण पत्र और शिक्षा से जुड़े दस्तावेजों की जरूरत होती है। यह योजना खासतौर पर उन महिलाओं के लिए बेहतर अवसर है, जो घर के साथ-साथ अपनी आमदनी बढ़ाना चाहती हैं और आर्थिक रूप से मजबूत बनना चाहती हैं।
Also read: Global Tiger Day: PM मोदी ने वन्यजीव प्रेमियों को दी शुभकामनाएं, भारत की भूमिका पर किया गर्व