UP News: यूपी के लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के परनिया चौराहे पर एक कोचिंग सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। बताया जा रहा है कि आग लगते ही इमारत में मौजूद छात्रों में हड़कंप मच गया और कई बच्चे अंदर फंस गए।
जानकारी के अनुसार, कोचिंग सेंटर में करीब 15 से 20 बच्चों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। इसी दौरान बताया गया कि कुछ बच्चों ने जान बचाने के लिए बिल्डिंग की छत से छलांग भी लगाई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 से 7 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने की कोशिशें तेज कर दी गई हैं। साथ ही भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है और रेस्क्यू टीम इमारत के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
Also read: UP News:बिहार का 1.25 लाख का इनामी बदमाश लल्लन सिंह सहारनपुर में ढेर, STF की बड़ी कार्रवाई
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में लगी आग की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाने और घायलों को उचित इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया। प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने और घायलों के उचित इलाज के निर्देश भी दिए।