UP First Bullet Train: देश में बुलेट ट्रेन नेटवर्क को लेकर बड़ी खुशखबरी है। पीएम मोदी ने बुलेट ट्रेन के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही यूपी को भी पहली बुलेट ट्रेन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। दावा है कि इस रूट के शुरू होने के बाद दिल्ली से बनारस का सफर सिर्फ 3.5 घंटे में पूरा होगा। अभी दिल्ली से काशी पहुंचने में 10-12 घंटे लगते हैं, लेकिन बुलेट ट्रेन आने के बाद ये सफर आधे से भी कम समय में पूरा हो सकेगा।
2029 तक बनेगा 2.5 KM लंबा नमो ब्रिज
इसी बीच वाराणसी में गंगा नदी पर बनने वाले नए सिग्नेचर ब्रिज को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और बताया कि इस पुल का नाम 'नमो ब्रिज' होगा।ये ब्रिज करीब 2.5 किलोमीटर लंबा होगा और इस पर 2,657 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसे 2029 तक पूरा करने का टारगेट है। ये एक डबल डेकर हाइब्रिड ब्रिज होगा। ऊपर 6 लेन की सड़क होगी और नीचे 4 रेल लाइनें बिछाई जाएंगी। इससे काशी रेलवे स्टेशन की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और काशी विश्वनाथ मंदिर व नमो घाट तक पहुंचना और आसान होगा।
100 से ज्यादा ट्रेनों को मिलेगा फायदा
नमो ब्रिज बनने से वाराणसी, बिहार और पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे 100 से ज्यादा नई ट्रेनें चलाई जा सकेंगी। मौजूदा रेल नेटवर्क पर लोड कम होगा और जाम की समस्या भी घटेगी।
Also read: Greater Noida: बेटे को बचाने के लिए पिता ने लगाई छलांग, 23वीं मंजिल से गिरकर दोनों की हुई मौत; फूल तोड़ते वक्त बिगड़ा था संतुलन
किराया कितना होगा?
रेल मंत्री ने कहा कि कुछ लोग बुलेट ट्रेन को अमीरों की ट्रेन बताकर भ्रम फैलाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं है। सरकार का मकसद किसानों, गरीबों और मिडिल क्लास को भी बेहतर सुविधा देना है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली से बनारस के बीच बुलेट ट्रेन का किराया फ्लाइट से कम रखा जाएगा।