Search KhabarFast

Press ESC to close

Uttarakhand News: CM पुष्कर सिंह धामी ने किया पुलिस के नए गौरव चिह्नों का अनावरण, 6 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

Uttarakhand News: CM पुष्कर सिंह धामी ने किया पुलिस के नए गौरव चिह्नों का अनावरण, 6 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

Uttarakhand News:उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित सभागार में उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का भी शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के नए गौरव चिह्नों के अनावरण पर पुलिस अधिकारियों और जवानों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहचान में बदलाव केवल प्रतीकों और वर्दी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को और मजबूत करने की पहल है।

उन्होंने कहा कि पुलिस के नए प्रतीक अधिकारियों और जवानों को गौरव के साथ अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराएंगे। इस नई पहचान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता दिखाई देगी।

पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस के इन आदर्शों को अपने आचरण में शामिल करना चाहिए। वर्दी का सम्मान आचरण से और जनता का विश्वास सेवा से मजबूत होता है।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए 1064 हेल्पलाइन, मुख्य सचिव को दिए निर्देश

सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास के साथ शासन व्यवस्था में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत सामने आती है तो वे हेल्पलाइन नंबर **1064** पर इसकी सूचना दें। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तरह भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए संचालित 1064 हेल्पलाइन की भी नियमित समीक्षा की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

6 नवंबर को उत्तराखंड पुलिस को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में हिस्सा लेंगे।

उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि उत्तराखंड पुलिस अपनी नई पहचान के साथ जनसेवा, अनुशासन, दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के नए मानक स्थापित करेगी।

अशोक स्तंभ और हिमालय की झलक नए प्रतीक चिह्न में शामिल

उत्तराखंड पुलिस के नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। ये प्रतीक राष्ट्रीय गौरव, सत्य, न्याय, उत्कृष्टता और उत्तराखंड की भौगोलिक पहचान को दर्शाते हैं।

पुलिस के पुराने तीन रंगों वाले क्षैतिज ध्वज की जगह अब गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाला नया ध्वज अपनाया गया है। इसके मध्य में नया पुलिस प्रतीक चिह्न और लाल एवं स्वर्णिम किनारे शामिल किए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों की वर्दी पर लगने वाले फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया और क्रेस्ट को भी इसी के अनुरूप तैयार किया गया है।

पारंपरिक खाकी वर्दी में बहुरंगी सेरेमोनियल सैश, अलंकरण और परेड से जुड़ी विशेष साज-सज्जा को शामिल किया गया है।

2008 में हुआ था पुलिस ध्वज का अनावरण

उत्तराखंड पुलिस के ध्वज का पिछली बार 4 अप्रैल 2008 को अनावरण किया गया था। बदलती चुनौतियों और पुलिस बल की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए अब नए गौरव चिह्न और प्रतीक तैयार किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को नए स्वरूप को मंजूरी दी थी।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक पी.वी.के. प्रसाद, अभिनव कुमार, डॉ. वी. मुरुगेशन समेत शासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
 

Also read: धामी सरकार के बजट में आयुष्मान-गोल्डन कार्ड को 225 करोड़, डिजिटल लर्निंग को 200 करोड़

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

Haryana News: अपराधियों के अवैध मकानों पर चला बुलडोजर, एक मकान सीज; तीन आरोपियों पर दर्ज हैं 52 केस

Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में आदतन अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। गुरुग्राम पुलिस ने 30 अक्टूबर 2026 को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तीन आदतन अपराधियों के अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए मकानों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दो आरोपियों के एक मकान को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया, जबकि तीसरे आरोपी के मकान को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, चोरी और सेंधमारी के कुल 52 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

'एक करोड़ से अधिक हिन्दू वोटर के नाम कटे...'वोटर लिस्ट को लेकर सीएम योगी का बड़ा दावा

Uttar Pradesh News:सीएम योगी ने वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि बड़ी तादाद में हिन्दू वोटर के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि एक करोड़ से ज्यादा हिन्दू वोटर के नाम गायब है।

Uttarakhand Election 2027: UKD ने जारी की 16 प्रत्याशियों की पहली सूची, पिथौरागढ़ से काशी सिंह ऐरी को टिकट

Uttarakhand Election 2027: उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) ने चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए अपने 16 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने फाइव-लेयर सिस्टम के तहत वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ताओं को चुनाव मैदान में उतारा है।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast