UP News: यूपी के झांसी जनपद के थाना बबीना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग बालक अंकित की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई आशिक अहिरवार को गिरफ्तार कर हत्या की वारदात का पर्दाफाश किया है। मजदूरी के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने इतना गंभीर रूप ले लिया कि आरोपी ने पत्थर से वार कर अपने ही चचेरे भाई की हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को थाना बबीना में परिजनों द्वारा 15 वर्षीय नाबालिग अंकित के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना दी गई थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश शुरू की गई। अगले ही दिन 20 जुलाई को ग्राम खजराहा बुजुर्ग स्थित एक कुएं से नाबालिग का शव बरामद हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में हत्या की धारा बढ़ाई गई और घटना के अनावरण के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार सक्रिय रहीं।
आरोपी ने कबूला अपना जुर्म
लगातार की गई जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर थाना बबीना पुलिस ने आरोपी आशिक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह और मृतक आपस में चचेरे भाई थे तथा दोनों एक ही स्थान पर मजदूरी करते थे। मजदूरी के पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके दौरान गुस्से में आकर उसने पत्थर से वार कर मृतक की हत्या कर दी। इसके बाद घटना को छिपाने के उद्देश्य से शव को गांव के कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।