
FIR Against Rahul Gandhi: संसद का शीतकालीन सत्र शुरु से ही हंगामेदार रहा है। अडानी से लेकर भीमराव आंबेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर घमासान मचा हुआ है। वहीं, इसी बीच, संसद में धक्का-मुक्की कांड पर विवाद बढ़ गया है। जिसकी वजह से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
जिसके बाद आज शुक्रवार को कांग्रेस देशभर के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली के संसद मार्ग थाने में दर्ज FIR में राहुल गांधी पर धमकाने के साथ सामुहिक अपराध की धारा लगाई गई हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, संसद के अंदर दो बीजेपी सांसदों को चोट लगने के मामले में राहुल गांधी पर BNS की कई धाराओं में केस दर्ज हुआ है। अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज समेत एनडीए के तीन सांसदों ने राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस से अपनी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने राहुल पर संसद में धक्का-मुक्की के दौरान शारीरिक हमला और उकसावे में शामिल होने का आरोप लगाया गया है।
क्राइम ब्रांच राहुल से करेंगे पूछताछ
लेकिन इस बीच, दिल्ली पुलिस ने ये मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। साथ ही लोकसभा स्पीकर को राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR की सूचना भी दे दी गई है। क्राइम ब्रांच अब लोकसभा सचिवालय से सीसीटीवी फुटेज के लिए बात करेगी। इसके बाद ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर, बांसुरी स्वराज और हेमांग जोशी संसद मार्ग थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत सौंपी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राहुल गांधी के खिलाफ संसद मार्ग थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS ) की धारा 117 (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना), 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने का कार्य), 131 (आपराधिक बल प्रयोग), 351 (आपराधिक धमकी) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
कांग्रेस ने भी बीजेपी पर लगाए आरोप
संसद में धक्का मुक्की मामले में कांग्रेस ने भी बीजेपी सांसदों के खिलाफ पार्लियामेंट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी सांसदों ने जानबूझकर रास्ता रोकने और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने शिकायत की है कि मल्लिकार्जुन खरगे को जानबूझकर धक्का देकर गिराया गया है। इसकी वजह से उनके दोनों घुटनों में चोट आई है। खरगे के साथ हुई बदसलूकी को लेकर एससी/एसटी एक्ट भी लगना चाहिए।
कैसे हुई धक्का-मुक्की कांड की शुरुआत?
दरअसल, आंबेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में कांग्रेस पार्टी संसद में विरोध-प्रदर्शन कर रही थी। इसके साथ बीजेपी भी कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी। ये विरोध-प्रदर्शन मकर द्वार तक आ पहुंचा। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ओर से नारेबाजी होने लगी।
जिसके बाद अचानक से धक्का-मुक्की होने शुरु हो गई। दोनों ही पार्टियों का यहीं कहना है कि उन्हें रोकने की कोशिश की जा रही थी, जिस वजह से धक्का मुक्की शुरु हो गई।
Leave a comment