
Delhi Weather: नए साल का आगाज हो गया है। 2025 का पहला दिन उत्तर भारत के लिए काफी ठंडा रहा। देश के कई राज्यों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली समेत यूपी, राजस्थान, हरियाणा,पंजाब, बिहार, झारखंड समेत कई और राज्य भीषण सर्दी की चपेट में हैं। वहीं, पहाड़ों में हो रही बर्फबारी के कारण इन मैदानी इलाकों में तापमान गिर गया है।
ऐसे में IMD की मानें तो अगले 3-4 दिनों में उत्तरी भारत में मौसम की स्थिति में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। IMD ने एक और पश्चिमी विक्षोभ के लिए चेतावनी जारी की है। जो 4 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण 1 से 3 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। तो वहीं, 4-5 जनवरी 2025 को छिटपुट से लेकर काफी व्यापक रूप से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
पहाड़ों में जारी है बर्फबारी
मौसम विभाग का अनुमान है कि पहाड़ों में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। बीते दिन मंगलवार को कश्मीर में शीतलहर और तेज हो गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। श्रीनगर में रात के समय तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात से दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं पंपोर शहर के कोनीबल में न्यूनतम तापमान शून्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
दिल्ली-NCR में गिरा पारा
नए साल की शुरुआत दिल्ली में कड़ाके की ठंड के साथ हुई है। दिल्ली-NCR में शीतलहर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह दिल्ली-NCR में सर्दी और शीतलहर का सितम जारी रहेगा। दिल्ली में साल का आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर बादलों से घिरा रहा। IMD की मानें तो अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.7 डिग्री कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी बुधवार को दिल्ली के आसमान पर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
कैसा रहेगा अगले 24 घंटे का मौसम?
स्काईमेट वेदर के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख और जम्मू कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। तो वहीं, तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में घने से बहुत घना कोहरा छा सकता है। हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ग्राउंड फ्रॉस्ट की स्थिति होने की संभावना है।
Leave a comment