Jharkhand News: झारखंड के खूंटी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक (SP) के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब एक स्कूटी सवार का सड़क पर एक्सीडेंट हो गया था। दुर्घटना के बाद कई लोग घटनास्थल पर जमा हो गए थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
PM मोदी ने जताया हादसे पर दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के खूंटी में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए बयान में प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।
पीएम मोदी ने हादसे में घायल व्यक्ति के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। उन्होंने कहा कि खूंटी में हुई इस दुर्घटना में लोगों की मौत से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।