Haryana News: हरियाणा के कैथल में ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वालों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कड़ी निगरानी की जा रही है। ट्रैफिक पुलिस की अलग-अलग टीम बनाकर ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वालों के चालान काटे जा रहे है तथा साथ साथ आमजन को ट्रैफिक नियमों की पालना करने बारे भी जागरूक किया जा रहा है। ट्रैफिक डीएसपी रमेश चंद्र ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा बुलेट बाइक से पटाखे की आवाज निकालकर क्षेत्र में दहशत पैदा करने वाले तथा मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त बुलेट पर विशेष तौर पर पैनी नजर रखी जा रही है। इस दौरान अक्तुबर माह में 49 बुलेट बाइको के चालान किए गए है।
सभी थाना प्रबंधक व ट्रैफिक पुलिस आगे भी इस प्रकार की मोटरसाइकिलों पर निरंतर कड़ी निगाह रखेंगे। विदित रहे कि शहर व कस्बों की कालोनियों में पटाखे की आवाज निकालने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों की वजह से महिलाओं, छात्राओं तथा आम नागरिकों के मन में भय पैदा हो जाता था, जिस कारण कई बार पास से गुजर रहे अन्य वाहन चालक के भयभीत होने कारण दुर्घटना होने का अंदेशा भी बना रहता है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य चालान काटने का नही है बल्कि आमजन की जिंदगी बचाना है।
सडकों पर होने वाली दुर्घटनाओं में होने वाले जानमाल के नुकसान को कम करने के लिए पुलिस कटिबद्ध है। समाज के एक जिम्मेदार व समझदार नागरिक होने के नाते ट्रैफिक नियमों की पालना करें खुद की जिंदगी और अपने परिवार की जिन्दगी को सुरक्षित रखें। अपने वाहन को मॉडिफाई ना करवाएं।