Haryana News: हरियाणा के हिसार की रहने वाली 14 वर्षीय आयुषी ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा मुकाम हासिल किया है। देहरादून में आयोजित 35वीं ऑल इंडिया जीवी मावलंकर शटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जिले के साथ-साथ पूरे हरियाणा को गौरवान्वित किया है। 10 मीटर एयर पिस्टल के सब-यूथ विमेन व्यक्तिगत मुकाबले में उन्होंने 375.8 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के त्रिशूल शूटिंग रेंज में हुई इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
गांव रावलवास खुर्द की रहने वाली आयुषी के निशानेबाज बनने की कहानी ओलिंपियन मनु भाकर से प्रेरित होकर शुरू हुई। करीब चार साल पहले टीवी पर मनु भाकर को शूटिंग करते देखकर उन्होंने भी इस खेल में करियर बनाने का सपना देखा। इसके बाद कोच संजय मलिक के मार्गदर्शन में उन्होंने नियमित अभ्यास शुरू किया। प्रतियोगिता में आयुषी ने चार सीरीज में 95, 94, 92 और 94 अंक हासिल किए और कुल 375.8 अंकों के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। लगातार अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास ने उनके सपने को राष्ट्रीय स्तर की कामयाबी में बदल दिया।
खेल महाकुंभ में जीता था सिल्वर मेडल
आयुषी ने निशानेबाजी में अपनी काबिलियत पहले भी कई प्रतियोगिताओं में साबित की है। पिछले महीने हुए खेल महाकुंभ में उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया था, जबकि पश्चिम बंगाल में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पांचवां स्थान हासिल किया। इसके अलावा इसी साल स्कूटी गेम्स में भी वह चौथे स्थान पर रही थीं। लगातार प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर आयुषी अब निशानेबाजी की उभरती हुई प्रतिभा के रूप में अपनी पहचान बना रही हैं।