Japan Open 2026: जापान ओपन 2026 के महिला सिंगल्स फाइनल भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु पहुंच गई सेमीफाइनल मुकाबला भारत की सिंधु और चीन की चेन युफ़ेई के बीच खेला गया था। जहां चोट की वजह से चेन युफेई ने मैच को बीच में ही छोड़ दिया। जिसके बाद भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिधु ने जापान ओपन के फाइनल में अपनी जगह बना ली।
दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी और ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में मैच में 21-19, 15-10 से आगे चल रही थीं, तभी दुनिया की चौथे नंबर की खिलाड़ी और पूर्व ओलंपिक चैंपियन चेन हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण मैच से हट गईं। सिंधु अब रविवार को होने वाले फाइनल में जापान की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची से भिड़ेंगी। यामागुची ने दूसरे सेमीफाइनल में इंडोनेशिया की छठे नंबर की खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वर्दानी को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
यह फाइनल दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल सुपर 300 टूर्नामेंट जीतने के बाद BWF वर्ल्ड टूर के फ़ाइनल में सिंधु की पहली उपस्थिति होगी। यह BWF सुपर 750 इवेंट में भी उनका पहला फाइनल होगा। चेन के खिलाफ 8-6 के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड के साथ सेमीफाइनल में उतरीं सिंधु ने मज़बूत शुरुआत की और पहले गेम में 16-11 की बढ़त बना ली। हालांकि, चेन, जिन्होंने पिछली चार मुलाकातों में सिंधु को हराया था, ने वापसी की और स्कोर 18-18 से बराबर कर दिया। सिंधु ने आख़िरी पलों में संयम बनाए रखा और पहला गेम 21-19 से जीत लिया।
पहली बार किया ये कारनामा
भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम में भी अपनी लय बनाए रखी और बढ़त बनाए रखी, लेकिन 44 मिनट के खेल के बाद चेन को चोट के कारण मैच रोकना पड़ा। चेन पर सिंधु की पिछली जीत 2019 BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में हुई थी, जहां भारतीय खिलाड़ी ने खिताब जीता था। इस जीत के साथ, सिंधु जापान ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय शटलर बन गईं। वह इस टूर्नामेंट में बची हुई एकमात्र भारतीय खिलाड़ी भी हैं।