महरौली से AAP के उम्मीदवार नरेश यादव ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, महेंद्र चौधरी को मैदान में उतारा

महरौली से AAP के उम्मीदवार नरेश यादव ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, महेंद्र चौधरी को मैदान में उतारा

Naresh Yadav Declined Election:दिल्ली के महरौली से आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव से खुद को बाहर करने का फैसला किया है। उनकी जगह पार्टी ने महेंद्र चौधरी को महरौली सीट से चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।

नरेश यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि वे 12साल पहले अरविंद केजरीवाल की ईमानदारी की राजनीति से प्रेरित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। नरेश यादव ने कहा, "मैंने अरविंद जी से मिलकर उन्हें बताया कि जब तक मुझे कोर्ट से बाइज्जत बरी नहीं किया जाता, तब तक मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा।"

नरेश यादव ने यह भी कहा कि वे पूरी तरह से निर्दोष हैं और उनके खिलाफ लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित और झूठे हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल से निवेदन किया कि उन्हें चुनावी मैदान से मुक्त किया जाए। नरेश यादव ने कहा कि वे महरौली की सेवा करते रहेंगे और एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में केजरीवाल को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करेंगे।

नरेश यादव के खिलाफ आरोप

नरेश यादव पर 2016के एक गंभीर मामले में आरोप हैं। पंजाब के मालेरकोटला जिले की अदालत ने उन्हें कुरान की बेअदबी से जुड़े मामले में दो साल की सजा सुनाई है। 2016में कुछ अज्ञात लोगों ने कुरान के पन्ने फाड़कर मुस्लिम समुदाय के इलाके में फेंक दिए थे, जिससे इलाके में तनाव फैल गया था। इसके बाद मुस्लिम समुदाय की भीड़ ने स्थानीय विधायक के घर पर तोड़-फोड़ की और पुलिस को हालात काबू करने के लिए गोलियां चलानी पड़ी थीं।

इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। एक मुख्य साजिशकर्ता विजय ने नरेश यादव का नाम लिया था। विजय ने पुलिस को दिए बयान में कहा था कि नरेश यादव के कहने पर उसने यह साजिश रची थी।

Leave a comment